पीएम मोदी की बहादुरगढ़ वालों को मेट्रो की सौगात, दिल्ली मेट्रो से जुड़ेगा हरियाणा का तीसरा शहर
बहादुरगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए ग्रीन लाइन मेट्रो सेवा का शुभारंभ किया। बहादुरगढ़ शहर में सिटी पार्क मेट्रो स्टेशन के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहरलाल और केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी, कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, बहादुरगढ़ से विधायक नरेश कौशिक भी मौजूद रहें। आज शाम 4 बजे मेट्रो यात्रियों के लिए खुल जाएगी। यात्रियों को पहला टोकन 3 बजकर 55 मिनट पर मिलेगा।
सिटी पार्क से हर 9 मिनट में इंद्रलोक और कीर्ति नगर के लिए मेट्रो चलेगी। मुंडका से बहादुरगढ तक मेट्रो लाइन करीब 1500 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुई है। मुंडका से बहादुरगढ तक 7 मेट्रो स्टेशन बनाए गए हैं जिनमें दिल्ली में चार और बहादुरगढ़ में तीन मेट्रो स्टेशन बने हैं। हर रोज करीब डेढ़ लाख लोग मेट्रो में सफर करेंगे। दिल्ली सीमा में बनाई गई मेट्रो लाइन का खर्च भी हरियाणा सरकार ने वहन किया है। मुंडका से बहादुरगढ़ मेट्रो ट्रैक की लंबाई करीब साढ़े 11 किलोमीटर है। मेट्रो लाइन के बनने से राजधानी दिल्ली में लगने वाले जाम से भी लोगों को राहत मिलेगी। सड़कों पर वाहनों का दबाव भी कम होगा।
रविवार को यह सैक्शन खुलते ही पड़ोसी राज्य हरियाणा तीसरी बार दिल्ली मेट्रो से जुड़ जाएगा। गुड़गांव व फरीदाबाद शहर में पहले ही मेट्रो सेवाएं परिचालन में हैं। यह सम्पूर्ण एलीवेटेड खंड राजधानी शहर को न केवल बहादुरगढ़ से जोड़ेगा, बल्कि दिल्ली शहर के पश्चिमी छोर वाले बाहरी दिल्ली के कई क्षेत्रों जैसे मुंडका, घेवरा, टिकरी कलां आदि को भी कनैक्टिविटी प्रदान करेगा। इस खंड के शुरू हो जाने से दिल्ली मेट्रो नैटवर्क का विस्तार 288 किलोमीटर में हो जाएगा और इसमें 208 मेट्रो स्टेशन होंगे।
इंद्रलोक, कीर्तिनगर-सिटी पार्क सेक्शन के टाइम-टेबल के अनुसार इस पूरे कॉरीडोर पर कुल 20 ट्रेनें सेवारत होंगी। अशोका पार्क मेन मैट्रो स्टेशन से रवाना होने वाली हर दूसरी ट्रेन बहादुरगढ़ के सिटी पार्क स्टेशन तक जाएगी। इस तरह मुंडका-सिटी पार्क वाले सैक्शन पर करीब 9 मिनट में मैट्रो मिला करेगी। इंद्रलोक, कीर्तिनगर और सिटी पार्क (बहादुरगढ़) के बीच मैट्रो सफर में 50 मिनट का समय लगेगा।