राष्ट्रीय
ममता बनर्जी ने भाजपा को बताया आतंकी संगठन, कहा- वे बांट रहे हिंदुओं को
By Deshwani | Publish Date: 21/6/2018 4:20:36 PM नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल पंचायत चुनाव के दौरान हुई हिंसा को लेकर राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर मोदी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने भाजपा को आतंकी संगठन बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सिर्फ ईसाई और मुस्लिमों के बीच ही नहीं बल्कि हिंदुओं के बीच भी दरार डाल रहे हैं।
ममता ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि भाजपा के नेता काफी घमंडी हो गये हैं। वह मुस्लिमों, ईसाइयों और सिखों को नापसंद करते हैं। इतना ही नहीं वह हिंदुओं को भी बांट रहे हैं। वे लोगों को पीट-पीट कर मार रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा, सीपीएम और माओवादी के साथ-साथ कांग्रेस भी समाज के स्याह पक्ष हैं। ममता ने कहा कि ईवीएम पर नजर रखिये, तीन महीने और 6 महीने में न सही आठ महीने में तो चुनाव होंगे ही।
बता दें कि ममता इससे पहले भी कई मौकों पर भाजपा की मुखर आलोचना करती रही हैं। उनका यह बयान ऐसे समय में आया है जब पश्चिम बंगाल के भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा था अगर हमारी सरकार आती है तो हम अपने कार्यकर्ताओं की हत्या का बदला लेंगे। गौरतलब है कि पिछले महीने राज्य में हुए पंचायत चुनाव के दौरान जमकर हिंसा हुई थी। इस हिंसा में भाजपा और टीएमसी दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं की मौत हुई थी।