राष्ट्रीय
दाती महाराज की बढ़ी मुश्किलें, पीड़िता को लेकर राजस्थान पहुंची क्राइम ब्रांच
By Deshwani | Publish Date: 16/6/2018 1:59:46 PMनई दिल्ली। युवती से बलात्कार के आरोप में फंसे दाती महाराज की मुश्किलें दिनोंदिन बढ़ती ही जा रही है। जांच के क्रम में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच आज पीड़ित युवती को लेकर दाती महाराज के पाली स्थित आश्रम पहुंच चुकी है। युवती का आरोप है कि 25, 26 और 27 मार्च 2016 को उसके साथ दाती महाराज और उसके सहयोगियों ने यहीं सामूहिक बलात्कार को अंजाम दिया था।
इससे पूर्व मामले को लेकर अपराध शाखा की टीम शुक्रवार को दोबारा जांच के लिए आश्रम पहुंची। पुलिस ने वहां करीब 50 सेवादारों से सात घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान पुलिस ने कई सीसीटीवी फुटेज के डीवीआर भी जब्त किया। अपराध शाखा के संयुक्त आयुक्त आलोक कुमार ने जानकारी दी कि कल डीसीपी राजेश देव के नेतृत्व में इंस्पेक्टर रितेश कुमार की टीम छतरपुर स्थित आरोपित बाबा के आश्रम गई थी। वहां करीब 50 सेवादारों से पूछताछ की गई। उन्होंने बताया कि वहां उनसे आश्रम के संचालन सहित आम लोगों के आने और रहने की व्यवस्था की जानकारी ली गई। यही नहीं दाती महाराज की दिनचर्या के बारे में जानकारी भी ली गई।
जांच के दौरान पुलिस ने सुबूत के लिए उस कमरे का नक्शा कागज पर उतारा जिसमें युवती के साथ बलात्कार किया गया था। वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को भी खंगाला गया। मामले की जांच के लिए पुलिस की छह सदस्यीय टीम राजस्थान के पाली स्थित दाती महाराज के आश्रम भेजी गई।