राष्ट्रीय
देश में नहीं दिखा चांद, कल मनाई जाएगी ईद
By Deshwani | Publish Date: 15/6/2018 11:29:15 AMनई दिल्ली। दिल्ली के जामा मस्जिद के शाही इमाम बुखारी ने ऐलान किया है कि भारत में ईद शनिवार को मनाई जाएगी, क्योंकि देश के किसी भी हिस्से में कल चांद नहीं देखा गया। भारत में इस बार रमजान की शुरुआत को लेकर मुस्लिम समाज बंटा हुआ नजर आया। उनमें से कुछ ने 17 मई को तो बाकी ने 18 मई को पहला रोजा रखा। आमतौर पर सऊदी अरब में चांद दिखाई देने के एक दिन बाद भारत में चांद का दीदार होता है, लेकिन इस बार 16 मई को अरब के साथ-साथ यहां भी चांद दिखने की पुष्टि की गई।
अरब से जुड़ी इस पुरानी परंपरा पर अटूट विश्वास रखने वाले बहुतेरे मुसलमानों ने इस पुष्टि को नहीं माना और 17 के बजाय 18 मई को पहला रोजा रखा। बता दें कि रमजान में 29 या 30 रोजे होते हैं। इनकी संख्या ईद का चांद दिखने से तय होती है। 18 मई को रोजे की शुरुआत करने वालों के 28 रोजे ही होंगे और उनका एक रोजा छूट जाएगा। वह रोजा ईद के दिन नहीं रखा जा सकेगा, क्योंकि ईद के दिन का रोजा हराम माना जाता है।
लगभग यही हाल ‘अलविदा’ जुमे की नमाज का भी है। जहां ज्यादातर मस्जिदों में आठ जून को यह नमाज अदा की गई, वहीं कुछ मस्जिदों में ऐसा नहीं हुआ। देश में 14 जून को ईद का चांद नजर नहीं आया। इसलिए अब ईद 16 जून को मनाई जाएगी।