राष्ट्रीय
कुमारस्वामी सरकार: मंत्रिमंडल में जगह न मिलने से नाराज विधायक विद्रोह करने के मूड में
By Deshwani | Publish Date: 10/6/2018 11:11:40 AMनई दिल्ली। कर्नाटक में कांग्रेस और जेडीएस गठबंधन के मंत्रिमंडल विस्तार के बाद शुरू हुआ विवाद बढ़ता ही जा रहा है। मंत्रिमंडल में जगह न मिलने से नाराज कांग्रेस के कई विधायक विद्रोह करने के मूड में हैं. जाहिर है कुमारस्वामी सरकार के लिए अच्छे संकेत नहीं हैं। करीब 15 से 20 कांग्रेसी विधायकों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंत्रिमंडल विस्तार होने के बाद हर दिन किसी न किसी विधायक ने सार्वजनिक तौर पर अपना विरोध जताया है। कहा तो ये भी जा रहा है कि जेडीएस के कुछ मंत्री भी अपने पोर्टफोलियो से नाराज हैं।
ऐसे में सबसे ज्यादा खुश होने की स्थिति में भाजपा और उसके वरिष्ठ नेता बीएस येदियुरप्पा हैं। येदियुरप्पा का कहना है, ''यदि कांग्रेस और जेडीएस के नाराज विधायक भाजपा ज्वाइन करने का फैसला करते हैं तो उनका स्वागत है।
कांग्रेस के पूर्व मंत्री और नाराज विधायक एमबी पाटिल ने कांग्रेस हाईकमान से डिप्टी सीएम पद की मांग की थी, लेकिन दिल्ली में उनकी और पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी की मुलाकात का कोई परिणाम नहीं आया है। वह फिलहाल खाली हाथ लौट आए हैं। हालांकि ये जरूर कहा गया है कि कांग्रेस लिंगायत विधायकों को आने वाले मंत्रिमंडल विस्तार में जगह देगी। कांग्रेस के कोट से अभी छह जगह खाली हैं। इसके साथ ही कांग्रेस हाईकमान ने मंत्री पद की मांग कर रहे विधायकों को संदेश भी दिया है कि वह इस मुद्दे को ज्यादा तूल न दें योग्य उम्मीदवार को समय आने पर मंत्री पद दिया जाएगा।
इससे पहले कांग्रेस के नेता एमबी पाटिल को दिल्ली बुलाया गया था। कहा गया था कि एमबी पाटिल के घर पर ही नाराज विधायकों ने मीटिंग की थी। पाटिल की दिल्ली में राहुल के घर पर बैठक हुई। इसमें उन्होंने बताया कि विधायक इसलिए नाराज हैं, क्योंकि केबिनेट में सभी जातियों को उचित प्रतिनिधत्व नहीं मिला है।