राष्ट्रीय
कर्नाटक में सरकार के गठन को लेकर अशोक गहलोत-गुलाम नबी आजाद के बीच अहम बैठक
By Deshwani | Publish Date: 21/5/2018 12:48:58 PMनई दिल्ली। कर्नाटक में कांग्रेस और जेडीएस गठबंधन सरकार के गठन को लेकर दिल्ली में आज एक महत्वपूर्ण बैठक की जा रही है। इस संबंध में बातचीत के लिए अशोक गहलोत, गुलाम नबी आजाद से मिलने उनके आवास पर पहुंचे हैं। दोनों के बीच कर्नाटक में सरकार बनाने को लेकर अहम चर्चा हो रही है। कर्नाटक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिल्ली आएंगे और पार्टी नेतृत्व से बातचीत करेंगे। माना जाता है कि कांग्रेस इस बैठक में कर्नाटक सरकार के स्वरूप को अंतिम रूप दे देगी।
बताया जा रहा है कि दोनों नेता आपस में चर्चा करने के बाद दोपहर 12 बजे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि कर्नाटक सरकार में पार्टी के और जेडीएस के मंत्रियों को लेकर की जा रही चर्चा के बाद आखिरी मुहर राहुल गांधी लगाएंगे।
ज्ञात हो कि कर्नाटक में कांग्रेस और जेडीएस की सरकार बनने की स्थिति साफ होने के बाद अब मंत्रिमंडल पर निगाहें टिकी हैं। मिली जानकारी के अनुसार, एचडी कुमारस्वामी का मंत्रिमंडल छोटा होने की संभावना जताई जा रही है। कहा जा रहा है कि शपथ के दिन मुख्यमंत्री के अलावा सिर्फ कुछ मंत्री और शपथ लेंगे। वहीं अभी तक कांग्रेस और जेडीएस के बीच किसी फॉर्मूले के स्वरूप पर भी बात नहीं की गई है।