राष्ट्रीय
ज्यादा दिन नहीं चलती अपवित्र गठबंधन की सरकारें: अमित शाह
By Deshwani | Publish Date: 20/5/2018 10:03:46 AMनई दिल्ली। जेडीएस-कांग्रेस गठबंधन की सरकार पर तंज कसते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि अपवित्र गठबंधनों की सरकारें ज्यादा दिन नहीं चलती हैं। उन्होंने उन आरोपों को भी खारिज किया जिसके तहत कहा जा रहा था कि भाजपा हॉर्स ट्रेडिंग की कोशिश कर रही थी।
येदियुरप्पा के इस्तीफे के बाद एक कार्यक्रम में शाह ने कहा कि भाजपा किसी तरह के जोड़-तोड़ में शामिल नहीं थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने ना सिर्फ हॉर्स ट्रेडिंग की बल्कि पूरा अस्तबल ही बेच खाया। राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भ्रष्टाचारी कहे जाने पर शाह ने कहा कि वह कांग्रेस अध्यक्ष की टिप्पणियों की गंभीरता से नहीं लेते। भाजपा अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि उनकी पार्टी 2014 की तुलना में 2019 में अधिक सीटों पर जीत हासिल करेगी।
गौरतलब है कि कल भाजपा के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को कर्नाटक विधानसभा में बहुमत साबित नहीं कर पाने की दशा में इस्तीफा देना पड़ा। राज्य में महज 55 घंटे ही भाजपा की सरकार चली। बहुमत साबित नहीं कर पाने की वजह से भाजपा की किरकिरी भी बहुत हुई। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पूरे प्रकरण में भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने यहां तक कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं।