राष्ट्रीय
जम्मू-कश्मीर: पाकिस्तान की ओर से की गई फायरिंग में बीएसएफ का एक जवान शहीद
By Deshwani | Publish Date: 18/5/2018 11:14:04 AMजम्मू। जम्मू के अरनिया सेक्टर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी में आज तड़के बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया और एक अन्य घायल हो गया। सेना के एक अधिकारी के अनुसार शहीद जवान की पहचान कांस्टेबल सीताराम उपाध्याय के तौर पर हुई है। शहीद जवान झारखंड के गिरीडीह के रहने वाले थे।
सीमा सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, रात हीरानगर इलाके में गोलीबारी हुई जिसमें बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया। कल दिन में गोलीबारी रूक गई थी लेकिन पाकिस्तान ने रात अरनिया सेक्टर में फिर गोलीबारी शुरू की जिसमें आज सुबह एक जवान की मौत हो गई।’
अधिकारी ने बताया कि जम्मू में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास आरएस पुरा सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से बिना किसी उकसावे के आज सुबह करीब चार बजे मोर्टार दागे गए और भारी गोलीबारी की गई। बीएसएफ बल ने भी इसका माकूल जवाब दिया।