राष्ट्रीय
छत्तीसगढ़ पहुंचे गृहमंत्री राजनाथ सिंह, विकास यात्रा को दिखाएंगे हरी झंडी
By Deshwani | Publish Date: 12/5/2018 12:49:55 PMनई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह आज छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में शुरू हो रहे विकास यात्रा को हरी झंडी दिखाने आज सुबह 11 बजे बीएसएफ के विशेष विमान से सीधे जगदलपुर पहुंचे। जहां मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने उनका जोरदार स्वागत किया। जगदलपुर से हेलिकॉप्टर के जरिए दंतेवाड़ा पहुंचेंगे। दंतेवाड़ा में मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह के साथ दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन करेंगे। गृहमंत्री हाईस्कूल मैदान में जनसभा को संबोधित करने के साथ विकास यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे।
इसी के साथ गृहमंत्री जगदलपुर सीएम रमन सिंह और सीनियर ऑफिसर्स के साथ प्रदेश में हो रही नक्सली घटनाओं के बारे में भी बातचीत करेंगे। विकास यात्रा 2018 का आज भव्य शुभारम्भ होने जा रहा है। दंतेवाड़ा स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, सीएम डॉ. रमन सिंह विधि-विधान से पूजा अर्चना कर यात्रा का शुभारम्भ करेंगे। केंद्रीय गृहमंत्री विकास रथ को हरि झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह विकास रथ पर सवार होकर बड़ेकिलेपाल से तोकापाल केशलूर होते हुए जगदलपुर पहुंचेंगे। इस दौरान बड़ेकिलेपाल, तोकापाल और केशलूर में मुख्यमंत्री का स्वागत सभा होगा। इसके बाद सीएम जगदलपुर में रोड शो करते हुए देर शाम आमसभा को संबोधित करेंगे।