कार्यकर्ता पहले बूथ जीतने पर करें फोकस, चुनाव अपने आप जीत जाएंगे : प्रधानमंत्री मोदी
नई दिल्ली। कर्नाटक चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए सभी दल जोरो-शोरों से चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इसी बीच आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नमो ऐप के जरिए कर्नाटक भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं से बात की। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि समाज में लिंगानुपात बेहतर होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि महिलाएं मान जाएं तो पूरा परिवार उस बात को मान लेता है। प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि हमारा देश महिला विकास और महिला सशक्तिकरण की ओर बढ़ रही है, जिसमें भाजपा को भी भरोसा है। हम महिला नेतृत्व में विकास की बात करते हैं।
पीएम ने भाजपा की महिल कार्यकर्ताओं से कहा कि वोटरों तक सही बात पहुंचाने की ताकत उन्हीं में है। चुनाव जितने के लिए महिला कार्यकर्ताओं को बूथ लेवल तक सरकार के कार्यों को पहुंचाना होगा। महिला कार्यकर्ता वोटर्स को आसानी से अपनी बात समझा सकती हैं। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से कहा कि वे बूथ जीतने पर फोकस करें, चुनाव अपने आप जीत जाएंगे।
उन्होंने कहा कि संगठन हो या सरकार हम महिलाओं को प्राथमिकता देते हैं। प्रधानमंत्री ने केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज और निर्मला सीतारमण की तस्वीर दिखाते हुए कहा कि दुनिया भर के नेताओं के बीच हमारी ये दो महिला नेता देश को मजबूती से पेश करती हैं।
उन्होंने 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान को सफल बनाने की अपील की। साथ ही समाज के लोगों से पूछा कि क्या वे कभी बेटों से पूछते हैं कहां जा रहे हो, कहां गए थे? उन्होंने अपील की कि अगर लड़कों से ऐसे सवाल किए जाने लगेंगे तो महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचार के मामलों में काफी कमी आएगी।
जेडीएस को भाजपा की बी टीम कहकर पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा का अपमान करने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की निंदा करने के कुछ दिन बाद मोदी ने जनता से देवगौड़ा की पार्टी को अपना वोट देकर इसे व्यर्थ नहीं करने का अनुरोध किया और कहा कि यह पार्टी चुनावों में तीसरे स्थान पर रहेगी।
खनन घोटाले में कथित रूप से संलिप्त विवादित रेड्डी बंधुओं को भाजपा द्वारा टिकट देने को लेकर विपक्ष के हमले का सामना कर रहे मोदी ने कर्नाटक सरकार पर पलटवार करते हुए उस पर आरोप लगाया कि वह खनन नीति तैयार नहीं करके अवैध खनन को रोकने के केन्द्र के प्रयास को नाकाम कर रही है।