राष्ट्रीय
लालू से मिलने एम्स पहुंचे राहुल गांधी, दोनों नेताओं ने राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा की
By Deshwani | Publish Date: 30/4/2018 1:13:42 PM नई दिल्ली। राहुल गांधी ने चारा घोटाले में सजा काट रहे और इलाज के लिए दिल्ली के एम्स में भर्ती लालू प्रसाद से मुलाकात की। लालू यहां किडनी और दिल की बीमारी का इलाज कराने के लिए भर्ती हुए हैं। अस्पताल में भर्ती होने से पहले वे 23 दिसंबर से ही रांची की बिरसा मुंडा जेल में बंद थे। लालू प्रसाद का हालचाल जानने के लिए राहुल गांधी दिल्ली एम्स पहुंचे। जहां करीब आधे घंटे तक दोनों नेताओं ने बातचीत की। इस दौरान लालू यादव के जल्द स्वस्थ होने की कामना करने के साथ ही राहुल ने राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा की।
कल कांग्रेस की जन आक्रोश रैली में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पर निशाना साधा था। ऐसे में इस मुलाकात से राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं। इससे पहले दिल्ली एम्स जाकर रालोसपा अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, भाजपा नेता शत्रुध्न सिन्हा और केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे भी एम्स जाकर लालू प्रसाद से मुलाकात कर चुके हैं।
बता दें इस समय लालू प्रसाद यादव को दिल्ली एम्स से वापस रांची रिम्स भेजने की तैयारी की जा रही है। प्रतिपक्ष के नेता बेटे तेजस्वी यादव ने लालू यादव के सेहत के प्रति चिंता जताई थी। सेहत को देखते हुए परिवार लालू प्रसाद का रिम्स में ट्रांसफर नहीं चाहता है।