नई दिल्ली। 2019 लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अभी से बिगुल फूंक दिया है। रामलीला मैदान में कांग्रेस की जन आक्रोश रैली से कुछ ऐसा ही प्रतीत हो रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी आज दिल्ली के रामलीला मैदान में जन आक्रोश रैली को संबोधित कर रहे हैं। जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 'देश का किसान आज खुश नहीं है।' प्रधानमंत्री मोदी पर तंज कसते राहुल ने कहा कि 'वो जहां भी जाते हैं झूठ बोलते हैं।'
जनआक्रोश रैली को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने कहा, 'देश में परेशानी का माहौल पैदा हो गया है। छोटे कारोबारी, किसान, दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यक सभी परेशान हैं। दो करोड़ नौकरियों का वादा किया गया लेकिन आज युवा परेशान है। सभी के साथ धोखा हुआ है।' उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों ने अर्थव्यवस्था को चौपट कर दिया और महंगाई बढ़ गई है। उन्होंने राफेल डील, नीरव मोदी जैसे तमाम मुद्दों को लेकर सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, लोगों ने अपनी जेब से पैसा निकालकर बैंकों में दिया, बाद में पता चला कि आपकी जेब से पैसा निकलकर नीरव मोदी की जेब में चला गया। लेकिन प्रधानमंत्री ने नीरव मोदी के खिलाफ कुछ नहीं बोला।
दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की 'जन आक्रोश' रैली में शामिल हजारों कार्यकर्ताओं का जोश भीषण गर्मी के बावजूद कम नहीं हुआ। वे 'राहुल गांधी जिन्दाबाद' और 'मोदी सरकार हाय हाय' के नारे लगाते रहे। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की 'जनविरोधी नीतियों' के खिलाफ आयोजित इस रैली में देश भर के हजारों कार्यकर्ता पहुंचे। पार्टी के पदाधिकारी ने बताया, 'इस रैली में देश भर से एक लाख से अधिक लोग पहुंचे हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि राहुल गांधी के नेतृत्व से लोगों को उम्मीदें हैं।'
कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने 'राहुल गांधी जिन्दाबाद', 'सोनिया गांधी जिन्दाबाद' और 'मोदी सरकार हाय हाय' के नारे लगाए। कांग्रेस नेता रागिनी नायक ने कहा, 'आजाद भारत में पहली बार ऐसा हुआ है कि देश की सभी संस्थाओं पर हमला किया गया है। बढ़ती महंगाई, किसानों की दुर्दशा, दलितों और महिलाओं पर अत्याचार और बेरोजगारी के खिलाफ जनता में आक्रोश है। इसी आक्रोश का प्रदर्शन के लिये लोग आज पहुंचे हैं।'