राष्ट्रीय
कर्नाटक चुनाव: कांग्रेस ने जारी किया घोषणापत्र
By Deshwani | Publish Date: 27/4/2018 11:15:17 AMबंगलुरू। कर्नाटक चुनाव को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मैंगलोर में पार्टी मैनिफेस्टो जारी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह जनता से पूछकर बनाया गया मैनिफेस्टो है। इस दौरान राहुल ने कहा, 'यह घोषणा-पत्र बंद कमरे से नहीं बनाया गया है, बल्कि सूबे के लोगों से पूछकर तैयार किया गया है। हमने जनता को ये नहीं कहा कि हम क्या करेंगे, हमने उनसे पूछा कि आप क्या चाहते हैं।
इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री मोदी अपने मन की बात करते हैं। लेकिन हमारे इस घोषणापत्र में कर्नाटक की जनता के मन की बात है। राहुल गांधी अपने दो दिवसीय कर्नाटक दौरे के पहले दिन आज पार्टी घोषणापत्र जारी करने के बाद कई और कार्यक्रमों में भी शिरकत करेंगे। वह दक्षिण कन्नड़ जिले के बंतवाल में एक सुबह 11 बजे एक मीटिंग भी करेंगे।
राहुल अपने कर्नाटक प्रवास के दौरान मंदिर और मठों का दौरा करना नहीं भूलते हैं। आज भी वह मंदिर दर्शन करेंगे। राहुल दोपहर 1 बजे के बाद दक्षिण कन्नड़ जिले के श्री धर्मस्थल मंजुनाथेश्वर के मंदिर जाएंगे। मंदिर दर्शन के बाद कोडागु जिले में दोपहर करीब 3.30 बजे एक जनसभा करेंगे। इसके बाद वह मैसूर में शाम करीब 6 बजे एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
गौरतलब है कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव में अब बहुत ही कम वक्त बचा है। जिस कारण प्रमुख पार्टियां अपने अंतिम दांव खेल रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कल ही भाजपा के सभी 224 उम्मीदवारों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जीत का मंत्र दिया। जिसके बाद वह खुद 1 मई से कर्नाटक में चुनाव प्रचार के लिए उतरने वाले हैं।