राष्ट्रीय
29 अप्रैल को खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट, दर्शन के लिए पहुंच सकते हैं पीएम मोदी
By Deshwani | Publish Date: 21/4/2018 2:47:39 PMदेहरादून। केदारनाथ धाम के कपाट 29 अप्रैल को खोले जाएंगे। इस विशेष पल को यादगार बनाने के लिए इस बार राज्य सरकार विशेष तैयारियों में जुटी है। इससे एक दिन पहले यानि 28 अप्रैल की शाम को केदारनाथ धाम में लेजर शो का भव्य आयोजन किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार इस लेजर शो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा शासित 19 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के केदारनाथ पहुंचने की उम्मीद हैं। इस आयोजन के लिए प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक के शीर्ष अधिकारी तैयारियों में जुटे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, इस आयोजन के मौके पर प्रधानमंत्री के साथ-साथ भाजपा शासित 19 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के केदारनाथ आने की संभावना है। इसके साथ ही कई और वीवीआईपी भी केदारनाथ पहुंच सकते हैं. जानकारी के मुताबिक, ऐसा पहली बार होगा कि इतनी बड़ी संख्या में कई प्रदेशों के वीवीआईपी केदारनाथ पहुंचेंगे।
आपको बता दें कि केदारनाथ मंदिर इस बार श्रद्धालुओं को नए रूप में दिखेगा। मंदिर के प्रांगण और आसपास के इलाके को स्थानीय पत्थरों से सजाया जा रहा है। इन पत्थरों की खासियत है कि ये बर्फबारी समेत सभी मौसमों में मजबूती के साथ टिके रहते हैं।
केदारनाथ धाम में इस लेजर-शो का आयोजन 29 अप्रैल से पांच मई तक होगा। इसमें केदारनाथ धाम की महत्ता, भगवान शिव के अनेक स्वरूप, शिव महोत्सव और केदारनाथ में मोदी के प्रयासों से हुए कार्यों को लेजर शो से दिखाए जाने की योजना है।