राष्ट्रीय
मक्का मस्जिद ब्लास्ट मामला : असीमानंद सहित सभी 5 आरोपी बरी
By Deshwani | Publish Date: 16/4/2018 1:15:27 PMनई दिल्ली। हैदराबाद की मशहूर मक्का मस्जिद पर 2007 में हुए विस्फोट के मामले में मुख्य आरोपी स्वामी असीमानंद सहित सभी 5 आरोपियों को कोर्ट ने बरी कर दिया है। आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त सबूत न होने के कारण कोर्ट ने ये फैसला सुनाया। बरी किए गए अन्य पांच आरोपियों के नाम देवेंद्र गुप्ता, लोकेश शर्मा, स्वामी असीमानंद उर्फ नबा कुमार सरकार, भारत मोहनलाल रत्नेश्वर उर्फ भारत भाई और राजेंद्र चौधरी हैं।
असीमानंद सहित पांच आरोपियों को बरी किए जाने को लेकर गृहमंत्रालय के पूर्व अवर सचिव आर वी एस मणि ने कोर्ट के फैसले पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि, मामले में झूठे सबूत पेश किए गए थे। ब्लास्ट के इस केस में हिंदू टेरर का कोई एंगल नहीं था। उन्होंने शिवराज पाटिल और चिदंबरम पर आरोप लगाते हुए कहा कि इन लोगों ने हिंदू आतंकवाद का झूठ फैलाया था। उन्होंने कहा कि इन दोनों को अब देश से माफी मांगनी चाहिए।
फैसला आने के बाद एनआईए की ओर से कहा गया कि कोर्ट के फैसले की कॉपी मिलने के बाद वे आगे की कार्रवाई तय करेंगे।