राष्ट्रीय
योगी आदित्यनाथ के पिता की तबियत बिगड़ी, दिल्ली एम्स किए गए रेफर
By Deshwani | Publish Date: 16/3/2018 5:21:14 PMऋषिकेश। प्रदेश के सीएम योगी के पिता आनंद सिंह बिष्ट की बिगड़ती हालत को देखते हुए जौलीग्रांट हिमालयन हॉस्पिटल से उन्हें दिल्ली एम्स रेफर कर दिया गया है। ताजा जानकारी के मुताबिक उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए तत्काल एयर एंबुलेंस से दिल्ली एम्स ले जाया जाएगा। डॉक्टर उन्हें गैस्ट्रो की समस्या बता रहे हैं। बताया जा रहा है कि शरीर में पानी में काफी कमी होने की वजह से सीएम योगी के पिता की हालत स्थिर नहीं हो पा रही थी। जिस वजह से उन्हें एम्स रिफर करने का फैसला लिया गया।
स्वास्थ्य में नहीं हुआ सुधार तो लिया गया दिल्ली ले जाने का फैसला
गौरतलब है कि 12 मार्च को आनंद सिंह बिष्ट को पौड़ी के एक हॉस्पिटल से ट्रांसफर कर जौलीग्रांट हिमालयन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। लेकिन वहां भी उनके स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ तो दिल्ली ले जाने का फैसला लिया गया। अब उनको एयर एंबुलेंस से दिल्ली एम्स ले जाया जाएगा जहां पर उनका आंतों की समस्या का इलाज होगा।
इसलिए किया गया एम्स रेफर
हिमालयन हॉस्पिटल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट वाई एस बिष्ट ने बताया कि आनंद सिंह बिष्ट को दिल्ली के लिए रेफर किया जा रहा है और एयर एंबुलेंस के द्वारा इन्हें दिल्ली एम्स ले जाया जाएगा क्योंकि हिमालयन हॉस्पिटल में वर्तमान में कोई भी गैस्ट्रो सर्जन उपलब्ध नहीं है। जिसको देखते हुए इनकी रेफर फाइल बना दी गई है। क्योंकि इनकी आंतों में दिक्कत है जो सर्जरी से ही ठीक हो सकती है। इसके लिए इनको रेफर किया जा रहा है।
फॉरेस्ट रेंजर के पद से रिटायर हुए हैं योगी के पिता
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ मूलत: उत्तराखंड के यमकेश्वर प्रखंड के पंचूर गांव के रहने वाले हैं। संन्यास लेने के बाद उन्होंने अपना पता भी बदल दिया था और गोरखनाथ के मठ को ही अपना स्थायी निवास बना लिया था। जानकारी के मुताबिक योगी आदित्यनाथ के पिता उत्तराखंड में फॉरेस्ट रेंजर पद पर कार्यरत थे और 1991 में रिटायर होने के बाद से अपने गांव में ही रहते हैं।