राष्ट्रीय
बातचीत से सुलझ सकता है बाबरी मस्जिद- राम जन्मभूमि विवाद : श्री श्री
By Deshwani | Publish Date: 16/3/2018 9:43:02 AMअहमदनगर। मध्यस्थता के जरिए अयोध्या विवाद का हल ढूंढ रहे आध्यात्मिक गुरू श्री श्री रविशंकर ने गुरुवार को कहा कि बाबरी मस्जिद- राम जन्मभूमि विवाद को सुलझाने के लिए उनके पास “बना- बनाया” कोई फार्मूला नहीं हैं लेकिन उन्हें भरोसा है कि बातचीत के जरिए समाधान निकल सकता है।
आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक ने कहा कि अयोध्या विवाद में एक पक्षकार- निर्मोही अखाडा के रामचंद्रजी महाराज ने उनसे मामले में हस्तक्षेप करने को कहा।
एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रविशंकर ने कहा कि उन्होंने वर्ष 2002 में इस विवाद में मध्यस्थता करने के प्रयास छोड़ दिए थे क्योंकि कई नेताओं ने मामले को सुलझाने में दिलचस्पी लेनी शुरू कर दी थी लेकिन हाल में दोनों पक्षों के नेता उनके पास आए और उनसे नया प्रयास करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि मुस्लिम धर्मगुरू (मुझसे मिलने वाले) ने भी कहा कि इस्लाम विवादित जमीन पर इबादत की इजाजत नहीं देता है। दोनों पक्षों के बीच संवाद से समाधान संभव है। लेकिन कुछ तत्व इस विवाद को अपना स्वार्थ साधने के लिए आगे ले जाना चाहते हैं।