राष्ट्रीय
मुंबई में 12 मार्च को विधानसभा का घेराव करेंगे किसान
By Deshwani | Publish Date: 11/3/2018 7:41:52 PMमुबई। महाराष्ट्र में कर्जमाफी को लेकर किसानों का आंदोलन उग्र हो गया है। महाराष्ट्र के किसान एक बार फिर फडणवीस सरकार के खिलाफ सड़कों पर आ गए हैं और कर्जमाफी के साथ अपनी अन्य मांगो को लेकर 12 मार्च को मुंबई में विधानसभा का घेराव करेंगे। किसानों का यह कारवां ठाणे के मुलंद चौक पहुंच चुका है, करीब 30 हजार किसान सोमवार को मुंबई में दाखिल हो जाएंगे।
महाराष्ट्र के किसानों को राजनीतिक समर्थन भी मिल रहा है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने किसान आंदोलन को अपना समर्थन देने की घोषणा की है तो वहीं शिवसेना ने किसानों के हित को लेकर पहले ही अपना समर्थन दे दिया था। बता दें कि महाराष्ट्र में शिवसेना और बीजेपी गठबंधन की सरकार है, लेकिन शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे सदैव किसानों के मुद्दे पर फडणनवीस सरकार पर हमला करती आई है। अब किसानों के हित में मनसे ने भी अपना कदम आगे बढ़ा दिया है। मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे का कहना है कि बीजेपी ने सत्ता में आने से पहले किसानों से जो वादा किया था। सत्ता में आने के बाद वह भूल गई है।
शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने रविवार को आंदोलनकारी किसानों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने किसानों के आंदोलन को एक बार फिर शिवसेना के समर्थन का ऐलान किया।
महाराष्ट्र के किसान फडणवीस सरकार से कर्जमाफी की मांग कर रहे हैं। वह लंबे समय से कर्जमाफी को लेकर आवाज उठा रहे हैं। महाराष्ट्र के किसानों की कर्जमाफी के साथ कुछ और मांगे भी हैं। जिनको लेकर ऑल इंडिया किसान सभा के लगभग 30 हजार किसानों ने मंगलवार को नासिक के सीबीएस चौक से पैदल मार्च शुरू किया था। अब किसानों का दल ठाणे के मुलंद चौक पहुंच गया है। इसमें बुजुर्ग किसानों के साथ-साथ महिला और युवा भी शामिल हैं। यह सभी किसान 12 मार्च को मुंबई में विधानसभा का घेराव करेंगे।