राष्ट्रीय
सीएम अरविंद केजरीवाल ने सीलिंग पर बुलाई सर्वदलीय बैठक
By Deshwani | Publish Date: 11/3/2018 12:23:33 PMनई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सीलिंग पर सर्वदलीय बैठक बुलाई है। दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी और दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन को इसके लिए उन्होंने एक चिट्ठी भी लिखा है. मंगलवार दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री निवास पर ये बैठक होगी। साथ ही सीलिंग की समस्या से निपटने के लिए मिलकर समाधान निकालने और केंद्र सरकार पर बिल लाने के लिए दबाव बनाने का अनुरोध किया गया है।
वहीं कारोबारी प्रतिष्ठानों के खिलाफ सीलिंग अभियान का मुद्दा नहीं सुलझाए जाने पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ओर से भूख हड़ताल करने की धमकी को कारोबारियों के संगठन सीएआईटी ने‘‘ राजनीतिक नौटंकी’’ बताया है। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (सीएआईटी) ने कल कहा कि पिछले कुछ महीनों में अनगिनत लोगों को प्रभावित करने वाले मुद्दे पर मुख्यमंत्री ‘‘घडि़याली आंसू’’ बहा रहे हैं।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को चेतावनी दी थी अगर इस महीने के अंत तक राष्ट्रीय राजधानी में कारोबारी प्रतिष्ठानों के खिलाफ मौजूदा सीलिंग अभियान के मुद्दे को नहीं सुलझाया गया तो वह भूख हड़ताल करेंगे।