राष्ट्रीय
शोपियां जिले में गोलीबारी में मरने वालों की संख्या छह हुई
By Deshwani | Publish Date: 5/3/2018 3:03:05 PMश्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में गोलीबारी में मरने वालों की संख्या छह पहुंचने के साथ ही इलाके में स्थिति तनावपूर्ण हो गयी है. गौरतलब है कि जिले में कल रात वाहनों पर गोलीबारी हुई थी। पुलिस प्रवक्ता ने कहा, ‘‘शोपियां जिले से आज सुबह और दो शव बरामद हुए हैं।’’
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने एक अन्य आतंकवादी का शव पाहनू से करीब सात किलोमीटर की दूरी पर बरामद किया है. उसकी पहचान लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी आशिक हुसैन भट के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि जिले के पाहनू इलाके में सचल वाहन चौकी पर सेना ने दो वाहनों पर गोलियां चलायी थीं। वाहन में सवार लोगों ने भी पुलिस और सेना के जवानों पर गोलीबारी की थी।
इसके अलावा घटना स्थल से कुछ दूरी पर एक अन्य वाहन से शोपियां के चित्रागाम निवासी गौहर अहमद लोन का शव मिला है। सेना का आरोप है कि वह भी आतंकवादी समूहों से जुड़ा हुआ था। जिले में आतंकवादियों द्वारा सुरक्षाबलों के एक संयुक्त नाके पर गोलीबारी किए जाने के बाद हुई मुठभेड़ में एक आतंकवादी सहित चार लोग मारे गये। अन्य तीनों के बारे में सेना का दावा है कि वह भी आतंकवादी समूहों से जुड़े हुए थे।
उन्होंने बताया कि हथियार जब्त किये गये हैं। कानून कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. कल की घटना के विरोध में संयुक्त प्रतिरोध मंच द्वारा आहूत आज के बंद के मद्देनजर शोपियां और घाटी के अन्य क्षेत्रों में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी है। दो महीने लंबे शीतकालीन अवकाश के बाद आज खुले घाटी के स्कूलों और शिक्षण संस्थानों को एहतियात के तौर पर बंद कर दिया गया है। घाटी में ज्यादातर जगहों पर सार्वजनिक परिवहन नदारद दिखे, हालांकि कुछ निजी वाहन और कैब आदि सड़कों पर जरूर नजर आये।