राष्ट्रीय
पाकिस्तानी हेलीकॉप्टर पुंछ में नियंत्रण रेखा को पार कर 300 मीटर अंदर घुसा
By Deshwani | Publish Date: 21/2/2018 7:28:10 PM नयी दिल्ली। पाकिस्तान का एक हेलीकॉप्टर बुधवार को जम्मू कश्मीर में पुंछ के निकट पाकिस्तान के कब्जेवाले इलाके में नियंत्रण रेखा के 300 मीटर अंदर तक चला आया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि किसी तरफ से किसी तरह की फायरिंग या कोई अन्य हमलावर कार्रवाई नहीं हुई। दोनो पक्षों द्वारा स्वीकार्य नियमों के अनुसार घूमनेवाले पंखोंवाले विमान नियंत्रण रेखा के एक किलोमीटर के दायरे में नहीं आने चाहिए। इसी तरह फिक्स पंखोंवाले विमान इसके दस किलोमीटर के दायरे से बाहर रहने चाहिए। सूत्रों ने कहा कि हेलीकॉप्टर बाद में वापस चला गया। सूत्रों ने इसके साथ ही कहा कि यह हवाई क्षेत्र का उल्लंघन नहीं है, लेकिन दोनो देशों के बीच जो सहमति है उसका उल्लंघन है। उन्होंने संकेत दिया कि इस बारे में पाकिस्तानी पक्ष से बात की जायेगी।