राष्ट्रीय
केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा हम भारत को जगतगुरू बनाना चाहते है
By Deshwani | Publish Date: 14/2/2018 6:42:16 PM नई दिल्ली। केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने आज कहा कि भारत किसी को डराने-धमकाने के लिए बलवान नहीं बनना चाहता बल्कि वह दुनिया भर में शांति तथा स्थिरता कायम करने में जगतगुरू की भूमिका निभाना चाहता है।
सिंह ने अगले महीने राजधानी में आयोजित किये जाने वाले राष्ट्र रक्षा महायज्ञ के लिए इंडिया गेट से जल मिट्टी रथ यात्रा को रवाना करने के मौके पर यह बात कही। उन्होंने कहा ,हम दूसरे देशों में रहने वाले लोगों के दिल में दहशत पैदा करने के लिए बलवान नहीं बनना चाहते, हम विश्वगुरू बनना चाहते हैं।
बाद में उन्होंने ट्विट भी किया, इंडिया गेट से जल मिट्टी रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाई। इस के माध्यम से लोगों में राष्ट्र की सुरक्षा तथा समृद्धि से जुड़े मुद्दों के बारे में जागरूकता फैलायी जायेगी। आओ हम भारत को दोबारा जगतगुरू बनायें। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि भारत सशक्त, समृद्ध और स्वावलंबी राष्ट्र बनें। इस यज्ञ का आयोजन दुनिया में शांति और स्थिरता के लिए किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी के सांसद महेश गिरी ने 18 से 25 मार्च तक लाल किले पर राष्ट्र रक्षा महायज्ञ का आयोजन किया है। इस यज्ञ के कुंड के लिए चारों धाम से मिट्टी तथा जल लाया जायेगा। इसके अलावा सियाचिन सहित सीमा पर स्थित दूर दराज के क्षेत्रों से भी पानी और मिट्टी लायी जायेगी।