राष्ट्रीय
अफजल गुरु की बरसी पर अलगाववादियों ने किया कश्मीर बंद का आह्वान
By Deshwani | Publish Date: 9/2/2018 1:36:33 PMजम्मू। अफजल गुरु की पांचवीं बरसी पर अलगाववादियों ने शुक्रवार को कश्मीर बंद का आह्वान किया है जिसके चलते सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। अफजल गुरु को नई दिल्ली स्थित तिहाड़ जेल में आज ही के दिन 2013 में फांसी दी गई थी। सभी दुकानें, व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद हैं और सड़कों पर यातायात भी न के बराबर ही है। प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये हैं।
प्रशासन ने अलगावादियों द्वारा बंद के आह्वान पर सीआरपीसी की धारा 144 के तहत अफजल गुरु के गृह जनपद सोपोर में प्रतिबंध लागू किए हैं। इसके इलावा कश्मीर के कुछ हिस्सों श्रीनगर के पुराने शहर, मैसूमा तथा उत्तरी तथा दक्षिण कश्मीर के कुछ हिस्सों में ये प्रतिबंध लागू किए गए हैं। प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कश्मीर घाटी में शुक्रवार को रेल सेवा भी पूर्ण रूप से बंद रखी है। प्रशासन ने रेल सेवा बंद रखने के निर्देश गुरुवार को ही जारी कर दिए थे। बंद के मद्देनजर घाटी के सभी संवेदनशील स्थानों पर बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।