राष्ट्रीय
जेटली बोले : राज्यसभा में अकारण विवाद पैदा कर रहा है विपक्ष
By Deshwani | Publish Date: 6/2/2018 7:47:34 PM नई दिल्ली। राज्यसभा में सदन के नेता वित्तमंत्री अरूण जेटली ने मंगलवार को सदन में कांग्रेस सहित कुछ विपक्षी दलों के व्यवहार की तीखी आलोचना करते हुए कहा है कि यह दल अकारण ही विवाद पैदा कर रहे हैं।
कांग्रेस और अन्य दलों द्वारा आज दोपहर बाद सदन की कार्यवाही का बहिष्कार करने के फैसले को अभूतपूर्व बताते हुए श्री जेटली ने कहा कि विपक्षी दल जहां कोई विवाद नहीं है वहां विवाद पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सदस्यों के लिए सदन में विभिन्न राजनीतिक और आर्थिक मुद्दों पर चर्चा करने के लिए बहुत अवसर मौजूद हैं। इसके बावजूद यह सदस्य सदन के नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं| इसके कारण कार्यवाही स्थगित करनी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि यह जाहिर है कि विपक्षी सदस्य सदन में समुचित तरीके से चर्चा नहीं करना चाहते। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के नेतृत्व में कुछ विपक्षी दलों ने आज सभापति एम वेंकैया नायडू पर विपक्षी सदस्यों को सदन में न बोलने देने का आरोप लगाया था तथा आज सदन की कार्यवाही का बहिष्कार करने की घोषणा की थी।
सभापति श्री नायडू ने इस संबंध में सदन में कहा कि वह नियमों और परिपाटियों के अनुसार कार्यवाही चलाना चाहते हैं। वह किसी के साथ भेदभाव करने में विश्वास नहीं रखते।