राष्ट्रीय
केजरीवाल की कार सचिवालय के बाहर से चोरी
By Deshwani | Publish Date: 12/10/2017 8:28:25 PM नई दिल्ली, (हि.स)। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा कई वर्षों तक इस्तेमाल की गई नीले रंग की वैगन-आर कार बुधवार को चोरी हो गई। दिल्ली सचिवालय के बाहर हुई चोरी की इस घटना में पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज भी मिला है। फिलहाल यह कार आप पार्टी की एक कार्यकर्ता इस्तेमाल कर रही थीं। आईपी स्टेट पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है।
मध्य जिले के डीसीपी मंदीप सिंह रणधावा के अनुसार, फिलहाल इस कार को एक महिला कार्यकर्ता वंदना इस्तेमाल कर रही थीं। वह आप पार्टी की मीडिया सेल में हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे वह कार को सचिवालय के बाहर खड़ा कर अंदर गई थीं। कुछ देर बाद वह जब बाहर लौटीं तो देखा कि वहां से गाड़ी गायब है। उन्होंने पहले आसपास गाड़ी को तलाशा, लेकिन जब नहीं मिली तो मामले की शिकायत पुलिस से की।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब इस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंगाला तो दोपहर करीब दो बजे इस कार को वहां से जाते हुए देखा। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि चोरी हुई कार को पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इस्तेमाल करते थे। उनके द्वारा इस गाड़ी को छोड़ने के बाद से इस कार को आप पार्टी के सदस्यों द्वारा इस्तेमाल किया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, चोरी हुई कार कुछ वर्ष पहले तक मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पहचान हुआ करती थी। वह हमेशा इसी कार में बैठकर सफर करते थे। लेकिन मुख्यमंत्री बनने के बाद सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वह सरकारी गाड़ी इस्तेमाल करते हैं।