बिहार
बिहारशरीफ में रिटायर्ड आर्मी जवान की पत्नी को भूना, मौत
By Deshwani | Publish Date: 22/1/2017 4:24:59 PMबिहारशरीफ। डीएनएन।
नालंदा जिला के बिंद थाना क्षेत्र स्थित सदरपुर गांव में अपराधियों ने महिला को पांच गोलियां मार दी। गंभीर रूप से जख्मी महिला की इलाज के लिए पटना ले जाने के दौरान मौत हो गयी। इस मामले में एक नामजद व चार अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मरने से पूर्व जख्मी महिला ने पुलिस को दिये बयान में बताया कि जेल में बंद राकेश कुमार नाम के बदमाश ने उससे रंगदारी की मांग की थी। इससे इनकार करने पर घटना को अंजाम िदया गया। जानकारी के अनुसार रिटायर्ड आर्मी के जवान अर्जुन प्रसाद की पत्नी रीता देवी घर में अकेली सोई थी। शनिवार की रात बदमाशों ने घर का दरवाजा खुलवाया और महिला को गोलियों से भून दिया। शोर सुनकर जगे ग्रामीणों की सहायता से महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा गया। इस दौरान महिला की मौत हो गई। थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि महिला के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की छानबीन की जा रही है।