बिहार
साहेबगंज पुलिस ने छह घंटे के अंदर अपहृत बालक को बरामद किया
By Deshwani | Publish Date: 9/5/2017 3:02:27 PMसाहेबगंज (मुजफ्फरपुर), (हि.स.)। बिहार में मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज प्रखण्ड के अहियापुर गांव से धन्यजय कुमार गुप्ता के सात वर्षीय पुत्र आशीष के अपहरणकर्ता को पुलिस ने छह घंटे में ही गिरफ्तार कर बच्चे को सकुशल छुड़ा लिया ।
साहेबगंज पुलिस ने छह घंटे के अंदर ही अहियापुर गांव से अपहृत बालक आशीष को सारण के भेल्दी थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया है। साथ ही एक अपहरण कर्ता राजकुमार साह को भी हिरासत में लिया है। इस बरामदगी में एएसपी सरैया गौरव मंगला और थानाध्यक्ष नवीन कुमार शामिल थे। कुमार ने बरामदगी की पुष्टि की है ।
विदित हो कि सोमवार को अपने दरवाजे के पास खेल रहे अशीष को बाइक सवार अपहरणकर्ताओं ने अगवा कर लिया था। उस वक्त बच्चा अन्य पड़ोसी बच्चों के साथ खेल रहा था। बच्चों की सूचना पर गुप्ता ने साहेबगंज पुलिस को सूचित किया। गुप्ता ने दिए आवेदन में कहा है कि दोपहर बाद बच्चे दरवाजे पर खेल रहे थे कि बाइक पर सवार दो व्यक्ति आये और बच्चों से आशीष के बारे में पूछा| जानकारी होने पर आशीष को बाइक सवार ने बिस्कुट देना चाहा| उसने नहीं लिया ,तब जबरन आशीष को उठा कर बाइक सवार चलते बने।