बिहार
बबर्रता: मुजफ्फरपुर में डायन बता वृद्धा की सोये अवस्था में गला दबा हत्या, आंख भी फोड़ी
By Deshwani | Publish Date: 3/9/2017 7:26:29 PMमुजफ्फरपुर। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र के भटौलिया गांव में शनिवार की देर रात डायन होने का आरोप लगा 75 वर्षीय एक महिला की गला दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपित ने उनकी आंखों में छुरा भी घोंप दिया। घटना के बाद वह फरार हो गया।
महिला के साथ सो रहे उसके पोते ने शोर मचाया तो आसपास के लोग पहुंचे। पूछताछ में बच्चे ने बताया कि पड़ोसी बुच्ची राणा उर्फ तारकेश्वर राणा ने उसकी दादी की हत्या की है। लोगों ने आरोपित को उसके घर से दबोच लिया और जमकर पिटाई के बाद बिजली के पोल से बांध दिया।
इधर, सूचना पर पुलिस अल सुबह मौके पर पहुंची और आरोपित को एक चौकीदार के हवाले कर छानबीन में जुट गई। इसी दौरान आरोपित मौका पा रस्सी खोलकर फरार हो गया। इससे लोग आक्रोशित हो गए और पुलिस पर उसे भगाने का आरोप लगा हंगामा करने लगे।
इस दौरान दोनों में झड़प भी हुई। पुलिस के जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार करने के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए। पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है।
आरोपित तारकेश्वर का कहना है कि उसकी मां गंभीर रूप से बीमार थी। बाहर उनका इलाज कराया गया, पर कोई फायदा नहीं हुआ और उनकी मौत हो गई। इसके बाद बच्चा भी बीमार रहने लगा। उसने दोनों घटनाओं के लिए महिला को ही जिम्मेदार ठहराया। इसके बाद से ही वह उनकी जान का दुश्मन बन बैठा।