बिहार
मुजफ्फरपुर में महिला की हत्या, शव निर्वस्त्र अवस्था में बरामद
By Deshwani | Publish Date: 30/1/2017 5:53:20 PMमुजफ्फरपुर । देशवाणी न्यूज नेटवर्क
कुढनी थाना क्षेत्र की बसौली व केरमाडीह पंचायत की सीमा स्थित कदाने नदी के किनारे गेहूं के खेत से निर्वस्त्र अवस्था में महिला की अधजली लाश बरामद की गई। उसका हाथ पीछे मोड़कर तार से बंधा था। लाश को एक प्लास्टिक के बोरे से ढंक दिया गया था। उसकी उम्र 20 से 25 वर्ष आंकी गई है। समाचार प्रेषण तक शव की पहचान नहीं हो पाई है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि दुष्कर्म के बाद या ऑनर किलिंग के तहत दूसरे स्थान पर हत्या कर लाश को वहां लाकर फेंक दिया गया है। साक्ष्य मिटाने के लिए उसकी लाश को जलाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह कदाने नदी के निकट गए ग्रामीणों की नजर महिला की लाश पर पड़ी। यह खबर फैलते ही वहां सैकड़ों की भीड़ जुट गई। पुलिस का अनुमान है कि यह ऑनर किंलिग का मामला हो सकता है। शादी के बाद भी उसका किसी अन्य से प्रेम प्रसंग चल रहा होगा। इसकी जानकारी ससुरालवालों को हुई होगी। इससे गुस्से में आकर ससुराल ने हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए लाश को जलाने का प्रयास किया होगा। पुलिस हाल में आसपास के थाना में महिला के गायब होने की दर्ज मामले की जानकारी ले रही है।