जरूर पढ़े
दुनियाभर में तम्बाकू का सेवन करने वाले लोगों की संख्या में आई कमी
By Deshwani | Publish Date: 17/11/2021 8:28:19 PMदिल्ली। दुनियाभर में तम्बाकू का सेवन करने वाले लोगों की संख्या में कमी आई है। 2015 में ऐसे लोगों की संख्या एक अरब 32 करोड़ थी जो 2020 में घटकर एक अरब 30 करोड़ हो गई है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने यह जानकारी देते हुए कहा कि साल 2025 तक तम्बाकू का सेवन करने वालों की संख्या और कम होकर एक अरब 27 करोड़ तक पहुंच सकती है। कई देशों में तम्बाकू छोड़ने की इच्छा वाले लोगों को मदद करने की समुचित नीतियां नहीं हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार 70 प्रतिशत तम्बाकू सेवनकर्ताओं को इस आदत को छोड़ने के लिए पर्याप्त सहायता नहीं मिल पा रही है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घिबरेसिस ने बताया कि तम्बाकू के प्रयोग पर अंकुश लगाने का सबसे कारगर तरीका टैक्स लगाना है लेकिन तम्बाकू उत्पादों के अवैध कारोबार के सामने कर नीतियां भी प्रभावी नहीं हो पाती। तम्बाकू का अवैध कारोबार न केवल सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए खतरा बना हुआ है बल्कि सरकार के राजस्व को भी नुकसान पहुंचाता है।