बिहार
मोतिहारी में बदमाशों ने पंडित उगम पाण्डेय कॉलेज के प्राध्यापक अनिल सिंह को मारी गोली, गंभीर हालत में पटना रेफर
By Deshwani | Publish Date: 8/10/2022 10:27:30 PMमोतिहारी के शरण नर्सिंग होम में घायल प्रो अनिल सिंह। फोटो- देशवाणी।
मोतिहारी। शहर के चांदमारी-बलुआ पथ पर पेट्रोल पंप के पास शनिवार की देर शाम बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने पंडित उगम पांडेय कॉलेज के प्राध्यापक प्रो. अनिल कुमार सिंह को गोली मार जख्मी कर दिया है। चिंताजनक स्थिति में शहर के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है। जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना के लिए रेफर कर दिया गया है। उन्हें एक गोली लगी है।
मशहूर सर्जन डॉ आशुतोष शरण ने बेहतर प्राथमिक इलाज करके उन्हें पटना रेफर कर दिया है। उनके बड़ें भाई शंभूनाथ सिंह ने बताया प्रों अनिल सिंह को पटना के मेदांता अस्पताल में ले जाया जा रहा है।
हालांकि गोली उन्हें पेट के निचले हिस्से में लगी है। शरीर के किसी वाइटल ऑरगन को क्षतिग्रस्त नहीं किया है।
घटनास्थल से खोखा हुआ बरामद-
घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद किया गया है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए शहर की नाकेबंदी कर छापेमारी की जा रही है। गोली प्राध्यापक अनिल के पेट में लगी है। मिली जानकारी के अनुसार पं. उगम पांडेय कॉलेज के प्रोफ़ेसर अनिल कुमार सिंह शनिवार की शाम बलुआ टाल स्थित अपने निवास से बाइक से निकले थे। वे पेट्रोल पंप के पास रुके ही थे कि बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मार दी।
आनन-फानन में उन्हें शरण नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर नगर थाना के पुलिस निरीक्षक विश्वमोहन चौधरी के अलावा विभिन्न पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आसपास में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से बदमाशों की पहचान में जुटी है। पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष कुमार ने बताया कि घटना के बाद शहर की नाकेबंदी कर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटना के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। प्रो. अनिल सिंह मुंशी सिंह महाविद्यालय के सेवानिवृत्त इतिहास के विद्वान प्राध्यापक गणेश प्रसाद सिंह के सुपुत्र हैं तथा उनके बड़े भाई शंभूनाथ सिंह शहर के बड़े टेंट व्यवसायी हैं।