कई कांडों के अभियुक्त को कोलकता से पकड़ ला रही मोतिहारी की पुलिस, निशानदेही पर पकड़े गए करीब एक दर्जन बदमाश
मोतिहारी। पूर्वी चम्पारण की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कई कांडों के फरार अभियुक्त शातिर बदमाश राहुल सहनी को यहां की पुलिस ने पश्चिम बंगाल के 24 परगना में पकड़ लिया है। पुलिस उसे पकड़ कर मोतिहारी ला रही है।
एसपी नवीन चंद्र झा ने उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि उसकी निशानदेही पर मोतिहारी के करीब एक दर्जन बदमाश भी पकड़े गए हैं। पुलिस ने इनके पास से आर्म्स, कारतूस व मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस राहुल सहनी को तीन दिनों की रिमांड पर लेगी और गहन पूछताछ करेगी।
अभियुक्त राहुल पर लूट, हत्या, डकैती व रंगदारी की लगभग एक दर्जन मामले चल रहे हैं। जिसमें उसकी खोज थी। वह पीपराकोठी के ढेकहां विशुनपुर का निवासी। कई कांडों को अंजाम देने के बाद वह पश्चिम बंगाल भाग गया था। और 24 परगना नॉर्थ में रहकर अपनी पहचान छुपाकर मछली का व्यवसाय कर रहा था। इधर तीन-चार दिनों में वह कई व्यवसायियों को फोनकर 10-10 लाख की रंगदारी की मांग की थी।
निशानदेही पर पकड़े गए बदमाशों के नाम-
1. मेघनाथ प्रसाद- मुरारपुर, हरसिद्धि, पूर्वी चम्पारण
2. अनुज कुमार- मुरारपुर, हरसिद्धि, पूर्वी चम्पारण
3. शिवम सहनी - भटवा, मुफस्सिल, पूर्वी चम्पारण
4. सोनू कुमार- भटवा, मुफस्सिल, पूर्वी चम्पारण
5. ओवरसियर सहनी- बड़हरवा, कोटवा, पूर्वी चम्पारण सहित करीब एक दर्जन बदमाशों को पुलिस ने दबोचा है।
पिछले दिनों पूर्व मुफस्सिल थाना के मधुबनी निवासी ईंट-भट्ठा व्यवसायी पारस महतो के चिमनी पर फायरिंग कर ट्रैक्टर में आग लगा दी गई थी। फिर मोबाइल पर फोनकर 10 लाख की रंगदारी मांगी गई थी। फोन करने वाले में अपना नाम राहुल सहनी बताया था।
इसके एक दिन बाद मुफस्सिल के ही ढेकहां के स्वर्ण व्यवसायी दीनानाथ प्रसाद से भी इसी तरह फोन कर 10 लाख की रंगदारी मांगी गई। यहां भी फोन करने वाले ने अपना नाम राहुल सहनी ही बताया था। दोनों व्यवसायियों से रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। फिर एसपी ने एक एसआईटी का गठन किया था। जिससे आज कोलकता में राहुल सहनी पकड़ा गया।