बिहार
धनतेरस के अवसर पर लोगों ने ज्वेलरी, बर्तन और कपड़ों की जमकर की खरीदारी
By Deshwani | Publish Date: 12/11/2020 10:36:36 PMमोतिहारी/पताही। माधुरी रंजन। पताही प्रखंड स्थित बाजार एवं आसपास के कई चौक चौराहों पर जमकर धन बरसा। लोगों ने खूब खरीदारी की। धनतेरस के अवसर पर सबसे ज्यादा ग्राहकों की भीड़ ज्वैलर्स, बर्तनों की दुकानों के अलावा मोबाइल शोरूम पर रही। इसके अलावा सेल के सामान तथा इलेक्ट्राॅनिक के सामान भी लोग खरीदते दिखे।
बाजार में पैर रखने की जगह तक नहीं थी। हर कोई खरीदारी के लिए बाजार की ओर रुख किए हुए था। त्योहार को देखते हुए धनतेरस पर सुबह 9 बजे से ही लोग खरीदारी के लिए बाजार की तरफ उमड़ पड़े। दोपहर तक होते-होते मार्केट में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। वाहनों का बाजार में आवागमन बंद कर दिया गया। धनतेरस पर खरीदारी को लेकर लोगों में खासा उत्साह रहा। ज्यादातर महिलाओं की टोलियां मार्केट में खरीदारी करती दिखीं। सबसे अधिक भीड़ बर्तन की दुकानों के अलावा ज्वेलरी शाॅप पर दिखी। पूजन के लिए लोग चांदी की मूर्तियों, सिक्के खरीदते दिखे। इसके अलावा चांदी के बर्तन भी लोगों की पहली पसंद रही।