मोतिहारी के रघुनाथपुर में स्टैंड इंचार्ज विनय सहनी की हत्या मामले में आरोपी की भाभी गिरफ्तार, मर्डर में प्रयुक्त चाकू बरामद
मोतिहारी। शहर से सटे रघुनाथपुर में स्टैंड इंचार्ज विनय सहनी की हत्या के मामले में पुलिस ने एक महिला को गरफ्तार किया है। इस मामले में रविवार को एफआईआर दर्ज की गई है। बीती रात शनिवार को करीब साढ़े 8 बजे स्टैंड इंचार्ज विनय सहनी की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई थी।
हत्या का आरोप मृतक के चचेरे भाई जितेन्द्र सहनी व अन्य पर लगाया गया था। आज मृतक की विधवा कविता देवी ने पुलिस को आवेदन देकर अपने चचेरे देवर जितेन्द्र सहनी सहित 8 लोगों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जितेन्द्र सहनी की भौजाई निर्मला देवी को गिरफ्तार कर लिया है। निर्मला देवी भी इस हत्या के आठ आरोपियों में शामिल हैं।
इस मामले में मृतक की विधवा कविता देवी ने जितेंद्र सहनी, निर्मला देवी, अनीता देवी व यादोलाल सहनी सहित आठ लोगों के विरुद्ध रघुनाथपुर ओपी थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करायी है।
घराड़ी की जमीन के लिए बीती रात दोनों पट्टीदारों के बीच हिंसक झड़प हुई थी। जिसमें स्टैण्ड इंचार्ज विनय सहनी की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई थी। जबकि जबकि विनय सहनी के पिता ध्रुव सहनी व तीन महिलाओं सहित 7 परिजन घायल हो गए थे।
प्रथमिकी में कहा गया है कि विनय सहनी के चचेरे भाई जितेन्द्र सहनी के अलावे उसके परिजन हरवे हथियार लिए दरवाजे पर पहुंचकर हमला कर दिया था। जहां जितेन्द्र ने चाकू से गोद कर अपने चचेरे भाई विनय की हत्या कर दी थी।
वहीं बचाने में मृतक के परिजन घायल हो गए थे। ओपी थाना प्रभारी कंचन भास्कर ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त चाकू जब्त किया गया है। गिरफ्तार महिला अभियुक्त को न्यायिक हिरासत भेजने दिया गया है। अन्य आरोपितों के गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।