बिहार
बिजली गुल थी, गर्मी की वजह से बथान पर सोए थे, मोतिहारी के तुरकौलिया में देर रात गोली मारकर हत्या
By Deshwani | Publish Date: 21/8/2019 9:29:08 AMमोतिहारी सदर अस्पताल मे विलखते मृतक के परिजन। फोटो- देशवाणी।
मोतिहारी। तुरकौलिया। आशा कुमारी।
पूर्वी चम्पारण के तुरकौलिया में एक व्यक्ति की गोलीमार कर हत्या कर दी गई। घटना मंगलवार की देर रात की है। तुरकौलिया के जयसिंगपुर में नंदकिशोर यादव 46 वर्ष की अज्ञात अपराधियों ने मंगलवार की देर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे गोली मार दी। अपराधियों ने उनके सिर में तीन गोलियां मारी है।
बताया जा रहा है कि यादव अपने गांव जयसिंहपुर मौजे गांव में अपने बथान(खलिहान) पर बने मचान पर सोए थे। तभी उन्हें गोली मारी गई। मोतिहारी सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वे महादेव राय के पुत्र थे।
गोली की आवाज पर ग्रामीण व उनके परिवार वाले उठे तो देखा कि वे खून से लथपथ हैं। उन्हें कल रात को ही मोतिहारी सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हत्या के मामले में समाचार लिखे जाने तक परिजनों ने एफआईआर दर्ज नहीं कराई है। सदर अस्पताल में परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजन ने बताया कि बिजली गुल होने पर गर्मी के कारण बथान पर सोने चले गए थे। तभी यह घटना घटी।