मोतिहारी
मोतिहारी के शिकारगंज में एलपी गैस डिलिवरी वाहन चालक को घायल कर एक लाख रुपए लूटे
By Deshwani | Publish Date: 19/6/2019 11:00:00 PM मोतिहारी। चिरैया। अर्चना रंजन।
चिरैया प्रखंड के शिकारगंज थाना क्षेत्र के ढाका-पकड़ीदयाल रोड में रूपहरा गांव के पास हथियार के बल पर अज्ञात नकाबपोश अपराधियों ने एक गैस एजेंसी के डिलीवरी वाहन के चालक को मारपीट कर करीब एक लाख रूपये लूट लिया। इसके बाद अज्ञात अपराधियों ने हथियार लहराते हुए फरार हो गया। घटना बुधवार को घटी है।
इधर घटना की खबर मिलते ही शिकारगंज पुलिस ने लूट के शिकार वाहन चालक विजय पासवान को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल ढाका में भर्ती कराया। वहीं शिकारगंज पुलिस मामले को लेकर सूक्ष्म विन्दुओं पर जांच कर रही है।
बताया गया है कि हमेशा की तरह ढाका स्थित नीलू गैस एजेंसी का चालक विजय पासवान शिकारगंज व पकड़ीदयाल से गैस सिलिंडर की होम डिलीवरी देकर ढाका लौट रहा था। इसी क्रम में अपाची बाइक पर सवार हथियारबंद तीन नकाबपोश अपराधियों ने डिलीवरी वाहन को ओवरटेक कर रोक लिया। अपराधियों ने चालक को मारपीट कर घायल करते हुए करीब एक लाख रूपये लूट लिए। वहीं दहशत फैलाने के लिए अपराधियों ने हथियार का प्रदर्शन करते हुए फरार हो गया।
घायल चालक विजय पासवान ढाका थाना क्षेत्र के विक्रमपुर गांव का निवासी बताया गया है। शिकारगंज थानाध्यक्ष ललन कुमार ने बताया कि अभी आवेदन नहीं मिला है। अपराधियों की धर-पकड़ के लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।