मोतिहारी
शिकारगंज के रूपहारा में अलाव से लगी आग, आधा दर्जन मवेशी झुलसकर मरे
By Deshwani | Publish Date: 27/2/2019 8:55:09 PMमोतिहारी। चिरैया। अर्चना रंजन।
चिरैया प्रखंड के शिकारगंज थाना क्षेत्र के रूपहारा गांव मे सोमवार की देर रात अलाव की आग से लगी आग में चार मकान जल कर राख हो गया। साथ ही आग से आधा दर्जन मवेशी झुलसकर मर गए है। घर मे बिक्री के लिए रखे गए करीब पांच लाख रुपये का फर्नीचर भी जल गया।
अगलगी से पीड़ित सोनू शर्मा, विवेक शर्मा, विकास शर्मा व विट्टू शर्मा के मकान में रखे कपड़ा, बर्तन, अनाज, जेवर आदि सहित अन्य सामान जल कर राख हो गए।
सोनू शर्मा ने अपने घर के समाने एक फर्नीचर का दुकान की थी। आग से दुकान में रखा करीब पांच लाख के फर्नीचर भी जल गया है। आग की घटना की सूचना पर ग्रामीणों ने अग्निशामक दमकल को दी। तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। घटना की सूचना मिलते हीं राजस्व कर्मचारी बच्चा बिहारी सिंह ने घटनास्थल पर पहुंच स्थिति की जानकारी लिया। इधर स्थानीय मुखिया मुन्ना सिंह ने प्रशासन से अग्नि पीड़ितों के लिए सहायता राशि देने की मांग की है।