मोतिहारी
ट्रैक्टर ट्रॉली के चपेट में आने से सुगौली में साइकिल सवार किशोर की मौत
By Deshwani | Publish Date: 9/12/2018 7:03:12 PMमोतिहारी। सुगौली। शिवेश झा।
छपवा थाना के छपराबहास ब्रह्मस्थान के समीप ट्रैक्टर के ट्रॉली के चपेट में आने से रविवार को साइकिल पर सवार एक किशोर की मौत हो गयी। मृत्तक किशोर छपराबहास निवासी मनोज राय का पुत्र आशीष कुमार (10 वर्ष ) बताया गया है।
घटना के बाबत प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली छपराबहास चौराहे पर स्थित दुकान से गिट्टी लादकर उसे गांव में गिराने जा रहा था। इस दौरान आगे साइकिल से जा रहा किशोर ट्रॉली के चक्के की चपेट में आ गया। इस दुर्घटना में सिर कुचल जाने से उक्त किशोर की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने गिट्टी लदी ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त कर लिया है। मृत्तक के पिता का नेपाल के काठमांडू में ठेकेदारी का काम चलता है। उन्हें भी इस घटना की जानकारी फोन पर दे दी गयी है। मृत्तक के परिजनों के अनुसार उनके आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। किशोर की मौत के बाद उसके घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृत्तक अपने दो भाइयों में बड़ा है। इस बाबत थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि मृत्तक के पिता को सूचना दे दी गयी है। उनके काठमांडू से आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।