मोतिहारी
मोतिहारी के प्रोपर्टी डीलर संजय सिंह हत्याकांड के अभियुक्त महानंद गिरफ्तार, पुलिस कर रही पूछताछ
By Deshwani | Publish Date: 27/10/2018 10:51:24 PMमोतिहारी। देशवाणी न्यूज नेटवर्क।
प्रोपर्टी डीलर संजय सिंह हत्याकांड के मुख्य अभियुक्त महानंद चौधरी को भारत-नेपाल के सीमाई इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया है कि वह नेपाल भागने की फिराक में था। तभी रक्सौल में जिले की पुलिस ने उसे दबोच लिया। महानंद चौधरी पूर्वी चम्पारण के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बड़हरवा गांव निवासी है। इसपर बीते 20 अक्तूबर को अवधेशपुरी कोल्हुअरवा में प्रोपर्टी डीलर संजय सिंह की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। मृतक संजय सिंह के परिजन ने महानंद को हत्या का मुख्य अभियुक्त बनाया है।
पुलिस महानंद चौधरी से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह भी जांच की जा रही है कि इस हत्याकांड का सुपारी किस सफेदपोश ने दी थी। पूछताछ के बाद एक-दो सफेदपोश भी लपेटे में आ सकते हैं।