मोतिहारी। चकिया। देशवाणी न्यूज नेटवर्क।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद चकिया इकाई का मंगलवार को चकिया गांधी मैदान में मिशन साहसी कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। चकिया अनुमंडल पदाधिकारी संजय सिंह , बाबूलाल शाह गर्ल्स हाई स्कूल की अध्यापिका एकता वर्मा और मिशन साहसी जिला सह प्रमुख श्वेता सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि सामाजिक संगठन द्वारा समय-समय पर इस तरह का कार्यक्रम छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए चलाया जाना चाहिए। यह महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक बहुत बड़ा कदम है। अध्यापिका श्रीमती एकता वर्मा ने कहा कि इस प्रकार का प्रशिक्षण शिक्षा का ही एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह प्रशिक्षण छात्राओं के लिए समसामयिक है ताकि वे अपनी रक्षा करने में स्वयं समर्थवान बन सके।
मिशन साहसी की जिला सह प्रमुख स्वेता सिंह ने चकिया में छात्राओं की अपेक्षित संख्या को देखते हुए अभिभावकों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि छात्राओं का सैलाब प्रदर्शित करता है कि नारी अब जाग चुकी है। वह हर कदम पर पुरुषों को सहयोग करने में सक्षम है। वैसे भी भारत में नारी को प्राचीन काल से ही आदि शक्ति के रूप माना जाता है। मिशन साहसी कॉलेज प्रमुख अंजली श्रीवास्तव ने कहा समाज को अपनी मानसिकता बदलने की आवश्यकता है। समाज के हर क्षेत्र में खेल में हो चाहे सेना, न्यायलय तथा प्रशासनिक अधिकारी सभी क्षेत्र में महिलाएं आगे बढ़ रही है प्रशिक्षण के लिए श्वेता कुमारी, प्रिया कुमारी, गुंजा कुमारी, अनुष्का रानी, पिंकी प्रियदर्शी, निभा कुमारी, चांदनी कुमारी, नाज प्रवीण, संजना कुमारी, मनीषा कुमारी, निभा कुमारी व जूली कुमारी आदि छात्राएं मौजूद थी