मोतिहारी
आदापुर थानाध्यक्ष समेत पांच पर गिरी गाज, नये प्रभारी बने सुनील कुमार
By Deshwani | Publish Date: 1/8/2018 11:00:00 PMमोतिहारी। देशवाणी न्यूज नेटवर्क।
आदापुर थाने के थानाध्यक्ष किशोरी चौधरी, जमादार रामप्रकाश सिंह व चालक हवलदार सबीर हुसैन को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, गृहरक्षक कपिलदेव राय, सुदर्शन चौधरी व हीरालाल साह को दो वर्षों तक ड्यूटी नहीं दी जाएगी। इन पुलिस पदाधिकारियों पर आदापुर के मुर्तिया गांव के सरेह में मिलीं दो लाशों को दफन करवाने के मामले में कार्रवाई की गई है। दरअसल बीते 31 जुलाई को आदापुर पुलिस ने कंकालनुमा दो लाशों को पेड़ से लटका हुआ बरामद किया था। पुलिस ने लाशों को पोस्टमॉर्टम कराए बिना दफना दिया था। जिसे जिले के एसपी उपेन्द्र कुमार शर्मा ने काफी गंभीरता से लिया था। जांच के बाद इन पुलिस पदाधिकारियों को दोषी पाया गया। कर्त्तव्य में लापरवाही बताया गया। जिसके बाद इनपर कार्रवाई की गई है।
एसपी उपेन्द्र कुमार शर्मा का कहना है कि कर्तव्य के प्रति लापरवाही को लेकर रक्सौल डीएसपी संजय कुमार झा से घटना की जांच करायी गयी। मामला सही पाये जाने पर कार्रवाई की गयी है। नगर के नाका एक प्रभारी सुनील कुमार को नया थानाध्यक्ष बनाया गया है।
मुर्तिया गांव के सरेह की झाड़ी में 31 जुलाई को एक शव जमीन पर और दूसरा पेड़ से लटका हुआ मिला था। लोगों ने देखा और उसका सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल किया। शव के कुछ हिस्से को जानवर भी नोंच कर खा गये थे। आदापुर पुलिस को सूचना मिली तो उसने दोनों शवों को भारत-नेपाल बॉर्डर पर दफना दिया, जबकि पोस्टमार्टम कराना चाहिए था। दोनों शवों में कंकाल भी दिखाई दे रहे थे। हालांकि, उनकी पहचान नहीं हो पायी है।