मोतिहारी
एटीएम कार्ड बदलकर खाते से उड़ाए लाखों रुपये, पता चला तो बैंक में महिला हुई बेहोश
By Deshwani | Publish Date: 23/7/2018 11:00:00 PMमोतिहारी। चिरैया। अर्चना रंजन।
शिकारगंज थाना क्षेत्र के रूपहरा गांव में स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम बूथ में रूपये निकासी करने गई एक महिला साईबर अपराधियों की शिकार हो गई। उक्त महिला किसी दिन अपने गांव में स्थित एसबीआई की एटीएम बूथ पर गई थी। जहां साइबर अपराधियों ने उक्त महिला को बरगलाकर उसके एटीएम कार्ड बदल लिए थे। इसके बाद उक्त एटीएम कार्ड से उसके खाते कई बार मे 3 लाख 13 हजार 150 रुपयों की निकासी कर ली। जब उक्त महिला को बैंक जाने पर अपनी राशि के बारे में पता चला तो वह बैंक परिसर में ही बेहोश हो गई।
पास बुक प्रिंट कराने पर राशि गबन का चला पता-
जब वह महिला बैंक जाकर अपने पास बुक की प्रिंट कराई और राशि की जानकारी ली। फिर इतनी सारी राशि की निकासी सुन वह महिला बैंक में हीं बेहोश होकर गिर पड़ी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उस महिला का प्राथमिक उपचार कराकर उसे घर भेज दिया गया। पीड़ित महिला रूपहरी गांव निवासी स्व. भदई बैठा की पत्नी है। जो अपने पति की मौत के बाद पेंशन की राशि को बैंक में जमा किया था। साईबर अपराधियों द्वारा कार्ड बदल जालसाजी से खाते से इतनी बड़ी राशि की निकासी को लेकर शिकारगंज थान में एक प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जिसमें 10 जुलाई से 14 जुलाई के बीच विभिन्न किस्तों में अज्ञात उच्चकों द्वारा उक्त राशि की निकासी कर ली करने की बात कही है। पीड़िता ने बताया है कि 10 जुलाई को वह एटीएम में रुपये निकासी करने गयी थी। इसी क्रम में अज्ञात व्यक्ति ने मदद करने के नाम उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। जिसकी जानकारी उन्हें नहीं हो सकी। वहीं उक्त साईबर अपराधियों के द्वारा विभिन्न किस्तों में राशि की निकासी कर ली। इसके पूर्व भी साईबर अपराधियों ने रूपहरा एसबीआई की एटीएम बूथ से कई बार भोले-भाले लोगों को शिकार बना चुके है। इसके बाद भी वहां सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है। थानाध्यक्ष जितेन्द्र महतो ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और इसकी छानबीन की जा रही है।