मोतिहारी
मोतिहारी के चिरैया में बच्चों के विवाद में बच्ची की मारपीट कर दी हत्या
By Deshwani | Publish Date: 14/7/2018 9:26:05 PMमोतिहारी। चिरैया। अर्चना रंजन। देशवाणी न्यूज नेटवर्क।
चिरैया थाना क्षेत्र के कोलांसी गांव में शनिवार को बच्चों के विवाद में पीट-पीट कर 13 वर्षीय बच्ची की हत्या कर दी गयी। मृतक चंदा कुमारी कोलांसी गांव के रामायण महतो की पुत्री थी। हत्या का आरोप दूसरे पक्ष के अभिभावकों पर लगाया गया हैं।
हत्या का आरोप गांव के चार लोगों पर-
घटना की जानकारी मिलते हीं थानाध्यक्ष अवधेश कुमार घटना स्थल पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल मोतिहारी भेज दिया है। इधर मामले को लेकर मृतक की मां मीना देवी ने स्थानीय थाना में एक आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने अपने गांव के आल्हा महतो और उनकी पत्नी रामकली देवी तथा कृष्णनंदन महतो व उनकी पत्नी इंदु देवी को आरोपित किया है।
उन्होंने अपने आवेदन लिखा है कि वह खेत में धान की रोपनी करने गई थी। उनकी बेटी चंदा कुमारी उक्त आरोपितों के बच्चों के साथ घर के पास स्थित बांसवाड़ी में खेल रही थी। इसी क्रम में किसी बात को लेकर दोनों बच्चों के बीच विवाद हो गया। जिससे गुस्साए आरोपियों ने मारपीट कर उनकी बेटी की हत्या कर दी। मृतक के पिता रामायण महतो पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में मजदूरी करता है। मृतक के पिता को पुत्री की हत्या की खबर मिलते ही वह दुर्गापुर से घर के लिए रवाना हो गए हैं। थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि मृतक की मां मीना देवी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की पकड़ के लिए छापेमारी जारी है।