मोतिहारी
सुगौली में आग से तीन घर जले, किशोरी झुलसी
By Deshwani | Publish Date: 15/5/2018 7:55:18 PMआग से हुए नुकसान का जायजा लेते जनप्रतिनिधि। फोटो- देशवाणी।
मोतिहारी। सुगौली। शिवेश झा।
सुगौली की दक्षिणी सुगांव पंचायत के कोबेया गांव में सोमवार देर रात अचानक लगी आग से तीन घर पूरी तरह से जल गए। इस अगलगी में एक किशोरी झुलसकर घायल हो गई।
आग की लपट इतनी तेज थी कि घर से कुछ भी निकाला नहीं जा सका है। आग की लपट देख दौड़े ग्रामीणों ने बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाई। बुझाने के क्रम में एक लड़की झुलस गई। जिसे स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए पीएचसी भेजा। झुलसी लड़की विनोद साह की पुत्री गुड़िया कुमारी (16) बताई जाती है।
आग से जले घर मे रँभु साह, सुरेन्द्र साह तथा कृष्णा साह का घर शामिल है। इस बाबत मुखिया प्रभाकर मिश्र ने बताया कि आग से इन तीनों परिवारों को काफी क्षति हुई है। तत्काल राहत को ले स्थानीय स्तर पर व्यवस्था की जा रही है। वहीं सीओ बदरी प्रसाद गुप्ता ने बताया कि आग से हुई क्षति का आकलन करने कर्मचारी को भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही उन्हें सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।