बिहार
होशियार, बच्चे को निगरानी में रखें, मोतिहारी में अबोध को चुराकर भाग रही महिला गिरफ्तार
By Deshwani | Publish Date: 27/3/2018 11:53:50 PMमुजफ्फरपुर से भी बच्चा चोरी की बात स्वीकार की
मोतिहारी। शहर में बच्चा चोर की मौजूदगी से सावधान रहने की जरूरत है। मंगलवार को शहर में बच्चा चाेरी की एक घटना ने लोगों को दहशत में डाल दिया है। हालांकि बच्चे की मॉँ सचेत थी या यूँ कहें कि संयोगवश उसने बच्चे को उठाकर भागते देख लिया। हल्ला किया। पीछे दाैड़ी। लोगों के सहयोग से बच्चे को उठाकर भाग रही महिला पकड़ ली गयी और बच्चा मिल गया।
नगर थाना क्षेत्र में बेलबनवा निवासी रामप्रवेश साह की पत्नी किरण देवी की सतर्कता से बच्चा चोर आज पकड़ ली गयी। बच्चा चोरी के आरोप में पकड़ी गयी महिला पश्चिमी चम्परण के महनवा निवासी बिन्दु कुमारी है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सेमरा से दो अन्य महिलाओं को भी पकड़ा। लिहाजा पूछताछ के बाद निर्दोष पाने पर पुलिस ने दोनों अन्य महिलाओं को छोड़ दिया।
कैसे उठाया था बच्चे को
मिली जानकारी के अनुसार आज किरण देवी के 7 माह के बच्चे सन्नी को उसकी बड़ी बहन प्रतिभा अपनी गोद में लेकर खेला रही थी। प्रतिभा को प्यास लगी तो उसने सन्नी को दरवाजे के पास रख दिया और पानी पीने चली गयी। तभी आरोपी बिन्दु कुमारी ने बच्चे को उठा लिया। उसे लेकर जाने लगी। तभी सन्नी की मॉं ने देखा कि उनके सन्नी को कोई महिला लेकर जा रही है। दौड़कर बाहर आईं और तब वह महिला बच्चे को लेकर भागने लगी। चिल्लाने पर लोगों ने उसे पकड़ लिया और नगर पुलिस को सौंप दिया।
मुजफ्फरपुर से भी चुराया था एक बच्चे को
गिरफ्तार बिन्दु कुमारी ने पुलिस को बताया है कि उसने मुजफ्फरपुर से भी एक बच्चे को चुराया था। चुराकर उसने सेमरा के एक चिमनी मालिक को बेंच दिया था। आगे जाे उसने बात पुलिस को बताई। वह हृदय विदारक है और जांच का विषय है कि बात सत्य है या मनगढ़ंत। उसने पुलिस को बताया है कि चिमनी मालिक ने चोरी के उस बच्चे को चिमनी भट्ठे में जलाकर मार दियाथा ।