ब्रेकिंग न्यूज़
पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सांसद राधामोहन सिंह विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगेभारत की राष्ट्रपति, मॉरीशस में; राष्ट्रपति रूपुन और प्रधानमंत्री जुगनाथ से मुलाकात कीकोयला सेक्टर में 2030 तक नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता को 9 गीगावॉट से अधिक तक बढ़ाने का लक्ष्य तय कियाझारखंड को आज तीसरी वंदे भारत ट्रेन की मिली सौगातदेश की संस्कृति का प्रसार करने वाले सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर को प्रधामंत्री ने संर्जक पुरस्कार से सम्मानित किया'दंगल' फेम सुहानी भटनागर की प्रेयर मीट में पहुंचीं बबीता फोगाटबिहार:10 जोड़ी ट्रेनें 25 फरवरी तक रद्द,नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर रेलखंड की ट्रेनें रहेंगी प्रभावितप्रधानमंत्री ने मिजोरम के निवासियों को राज्‍य के स्‍थापना दिवस पर शुभकामनाएं दी
आमने-सामने
लखनऊ के लिए फाइव-एस का संकल्प : संयुक्ता भाटिया
By Deshwani | Publish Date: 11/11/2017 12:29:21 PM
लखनऊ के लिए फाइव-एस का संकल्प : संयुक्ता भाटिया

प्रदेश में निकाय चुनाव को लेकर सियासी पारा जहां बेहद गरम है, वहीं प्रत्याशी और उनके समर्थक धुंआधार प्रचार में जुट गये हैं। इनमें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की कर्मस्थली रही लखनऊ की ओर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। लखनऊ जहां केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह का संसदीय क्षेत्र हैं, वहीं लगातार दो बार मेयर पद के चुनाव में जीत दर्ज करने वाले डॉ. दिनेश शर्मा इस समय प्रदेश सरकार में उप मुख्यमंत्री है। इसके अलावा राजधानी होने की वजह से भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके मंत्रियों की सबसे ज्यादा सक्रियता लखनऊ में रहती है। ऐसे में भाजपा के लिए यह सीट प्रतिष्ठा का भी विषय है।

 

ऐसे में लखनऊ से भाजपा महापौर पद की प्रत्याशी संयुक्ता भाटिया से हिन्दुस्थान समाचार, बहुभाषी न्यूज एजेंसी ने जानना चाहा कि वह शहर का प्रथम नागरिक बनकर लखनऊ के लिए क्या करेंगी तो उन्होंने बताया कि इस शहर के लिए ''पंच संकल्प'' फाइव-एस अर्थात नगर को स्वच्छ रखना, सुन्दर बनाना, सुव्यवस्थित रखना, सुरक्षित रखना और स्मार्ट बनाने का संकल्प लिया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार से भी इस संकल्प को पूरा करने के लिए आग्रह करूंगी। लखनऊ में आमूलचूल परिवर्तन के लिए उनका संकल्प और विजयश्री के बाद भविष्य की योजनाओं पर हिन्दुस्थान समाचार के उत्तर प्रदेश के ब्यूरो प्रमुख राजेश तिवारी ने विस्तृत बातचीत की। प्रस्तुत है बातचीत के प्रमुख अंशः-

 

प्रश्न-सबसे पहले तो बधाई। कैसा चल रहा है चुनाव प्रचार?

 

मुस्कराते हुए धन्यवाद देकर, भाजपा की महापौर प्रत्याशी ने पूरे आत्मविश्वास से कहा कि प्रचार बहुत अच्छा चल रहा है। हमारी भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर हमारे फाइव-एस संकल्प को बता रहे हैं। हमारा फाइव-एस से मतलब है-लखनऊ को स्वच्छ, सुन्दर, सुव्यवस्थित, सुरक्षित और स्मार्ट बनाना।

 

प्रश्न-आपकी जीत की कितनी आशा है?

शत-प्रतिशत

प्रश्न-कैसे? विस्तार में बताइए?

 

बहुत आसान है। केन्द्र में हमारी सरकार है और प्रदेश में भी इसलिए सरकार के स्तर से जो भी मदद मिलनी होगी उसमें देर नहीं लगेगी। हमारे सभासद, चाहे किसी भी दल के हां उनके सुझाव भी लिये जायेंगे। नगर को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित सुरक्षित और स्मार्ट बनाने का हमने पहले ही रोड मैप बना रखा है। भाजपा के कार्यकर्ता शहर के मतदाताओं को यह बात समझाते हैं तो उनकी समझ में भी आ रहा है। इस प्रकार जनता हमारे साथ जुड़ गयी है। मैं जहां भी जाती हूं, वहां लोग भाजपा सरकार की तारीफ करते हैं और हमें समर्थन देने का वादा करते हैं।

 

प्रश्न-आपकी जीत में प्रमुख फैक्टर क्या होगा?

 

भाजपा के सुशासन और सबका साथ-सबका विकास लोगों ने देखा है। पहले केन्द्र में भाजपा की सरकार बनवायी। बाद में उत्तर प्रदेश समेत 18 राज्यों में भाजपा की सरकार है। इसलिए लखनऊ के महापौर पद पर किसी और राजनीतिक दल के प्रत्याशी की तरफ उनकी नजर ही नहीं जा रही है। भाजपा जो कहती है, वही करती भी है।

 

प्रश्न-किन मुद्दों पर चुनाव मैदान में हैं?

 

हमें तो लखनऊ को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ शहर बनाना है। इस प्रक्रिया को हमारे पूर्व महापौर ने शुरू किया था, उसे आगे बढ़ाना है। शहर की जनसंख्या बढ़ने के साथ उसका क्षेत्र भी बढ़ रहा है। इसके अनुरूप सुविधाएं जुटाना और सड़कें, पानी, सफाई पर विशेष रूप से ध्यान देने के साथ लोगों को जाम की समस्या से मुक्ति दिलाना ही हमारे मुद्दे हैं।

 

प्रश्न-जीत के बाद की क्या योजनाएं हैं?

 

शहर की महापौर बनने पर मैं नगर की प्रथम नागरिक बन जाऊंगी। हमारे लिए पूरा नगर हमारा परिवार होगा। हमको किसने वोट दिया, किसने नहीं दिया ये बात निरर्थक हो जाएगी। मैं सभी को उनकी जरूरी सुविधाएं देने का प्रयास करूंगी। हमने जो फाइव-एस का संकल्प लिया है उसमें नागरिकों की भी सहभागिता है। उनसे नागरिकों को जोडूंगी।

 

प्रश्न-आपके क्षेत्र की प्रमुख समस्याएं क्या हैं?

 

शहर में इस समय सबसे बड़ी समस्या सड़क पर जाम की है। इसके अलावा शहर की बढ़ती आबादी के मद्देनजर शहर का विस्तार होगा तो वहां तक मूलभूत सुविधाओं को पहुंचाना है। शहर से जुड़े गांव शहर में ही शामिल हो गये, वहां सड़क, पानी और सफाई की उचित व्यवस्था करनी होगी।

 

प्रश्न-निवर्तमान महापौर को आप सफल मानती हैं या असफल?

 

महापौर के रूप में जब तक डा. दिनेश शर्मा जी ने सीमित संसाधनों और तत्कालीन सरकार के अवरोधों के बाद भी जो कार्य किया उसमें उन्हें सौ में एक सौ दस नम्बर दिये जाने चाहिए। नगर का क्षेत्रफल दिन प्रतिदिन बढ़ रहा है, प्रदेश की राजधानी होने से आवागमन करने वालों की संख्या भी बढ़ती है इसलिए सुविधाओं का विस्तार निरंतर होने से ही समस्याएं सुलझ सकती हैं। यहां पर पूर्ण विराम नहीं लगता। यह तो सतत् साधना है।

 

प्रश्न-अपनी विजय के बाद नगर की समस्याओं का समाधान किस प्रकार करेंगी?

 

हम अपने पार्षदों को बैठाकर उनकी जरूरतें सुनेंगे, हमने स्वयं नगर का कोना-कोना छाना है और समस्याओं को देखा है इसलिए एक समग्र नीति और विकास का मास्टर प्लान बनाकर प्रदेश सरकार के सामने प्रस्ताव रखे जाएंगे और उन्हें स्वीकृति दिलाने का प्रयास होगा।

 

प्रश्न-केन्द्र की मोदी सरकार देश के नगरों में प्रतिस्पर्द्धा उत्पन्न करने के लिए प्रतिवर्ष 100 उत्कृष्ट नगरों का चयन कर उन्हें आदर्श नगर (स्मार्ट सिटी) बनाने के लिए प्रोत्साहित करती है। आपका इस ओर क्या प्रयास होगा?

 

हमारा पूरा प्रयास होगा कि लखनऊ देश के 100 उत्कृष्ट नगरों में पहले नम्बर पर गिना जाए। इसके लिए जो भी मानक तय हैं उन्हें पूरा किया जाएगा। नागरिकों को इस अभियान से जोड़ा जायेगा।

 

प्रश्न-पार्टी में भितरघातियों से घात की कितनी आशंकाएं हैं?

जीरो परसेन्ट भी नहीं। सभी लोगों का भरपूर सहयोग मिल रहा है।

 

प्रश्न-विद्रोह कर निर्दलीय के रूप में ताल ठोंकने वालों से?

जहां ज्यादा बर्तन होते हैं आपस में ठनकते ही हैं। (मुस्कुराते हुए) बहरहाल वे सब हमारे ही पार्षद होंगे। उनका गुस्सा ठण्डा हो जाएगा।

 

प्रश्न-निर्माण कार्यों समेत महानगर पालिका कार्यकाल में भ्रष्टाचार से जन सामान्य को कैसे निजात दिलाएंगी?

 

भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे कर्मचारियों और अधिकारियों को सजा मिलेगी। नागरिक इस बात की मुझसे सीधे शिकायत कर सकते हैं?

 

प्रश्न-अवैध बस्तियां व अतिक्रमणकारियों के विरुद्ध क्या रुख रहेगा?

 

नगर को अतिक्रमण से पूरी तरह मुक्त करना है। सड़कों पर जाम का यह भी एक बड़ा कारण है। अवैध बस्तियों को हटाया जाएगा और उनके लिए सस्ते आवास की व्यवस्था होगी।

 

प्रश्न-नगर में लगने वाले जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए भी क्या कोई सुझाव है?

 

जहां संभव होगा वहां सड़कें चौड़ी की जाएंगी। जरूरत पड़ी तो उन्हें एक मार्गी (वन वे) बनाया जाएगा। अतिक्रमण हटाकर भी इस समस्या को सुलझाया जाएगा।

 

प्रश्न-केन्द्र व प्रदेश में भाजपा सरकार है-ऐसे में आपकी विजय से कितना परिवर्तन आएगा?

(हंसते हुए) अब समझिए लखनऊ में तीन इंजनों वाली गाड़ी चलेगी।

 

प्रश्न-चुनाव में उन कार्यकर्ताओं की क्या स्थिति होगी जो टिकट के दावेदार थे लेकिन टिकट पाने में असफल रहे?

 

किसी को कोई असंतोष नहीं है, सभी साथ मिलकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं?

 

प्रश्न-आपने नगर के विकास की ऐसी कोई परिकल्पना की है जो आपके नगर को अन्य से सर्वश्रेष्ठ व आपके चयन की सार्थकता सिद्ध करे?

 

मैंने अब तक जो भी सामाजिक कार्य किये उनकी तरफ किसी ने उंगली नहीं उठाई। कार्य के प्रति मेरी निष्ठा और लगन को देखकर ही मुझे महापौर पद का प्रत्याशी बनाया गया। मैं चाहती हूं कि नगर के लोगों को वे सभी सुविधाएं प्राप्त हों, जिन पर उनका अधिकार है और बाहर से आने वाले भी यही कहें- वाह लखनऊ। मैं लखनऊ की जनता-जनार्दन के विश्वास पर खरा उतरने के लिए संकल्पित हूं और लखनऊ को विश्व का सर्वश्रेष्ठ नगर बनने का पूरा प्रयास करुंगी।

 

प्रश्न-महिलाओं, विशेषकर छात्राओं के लिए कोई योजना हो तो बताइए ?

भाजपा की की केन्द्र और उत्तर प्रदेश सरकार पहले से ही इस दिशा में काम कर रही है। कामकाजी महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर विशेष पहल की गई है। इसके अलावा स्वच्छता अभियान के तहत हम शौचालय निर्माण के काम में तेजी लायेंगे। शौचालय वास्तव में महिलाओं के लिए ‘इज्जत घर’ हैं। पार्टी के संकल्प पत्र में महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट जैसे वादे भी हैं। वहीं नगर निगम के दायरे में रहकर जो भी कदम हम महिलाओं-छात्राओं के हितों में उठा सकते हैं, उन पर गम्भीरता से काम किया जायेगा।

 

प्रश्न-भाजपा के संकल्प-पत्र पर आपकी कोई टिप्पणी?

संकल्प पत्र में हमने विकास का ऐसा रोड मैप तैयार किया है, जो लखनऊ की शान में कई गुना ज्यादा इजाफा करेगा। इसमें बुनियादी सुविधाओं से लेकर आधुनिक विकास की रूपरेखा तैयार की गई है। ये लखनऊ को दुनिया के सबसे बेहतर शहरों में शुमार करने में मददगार साबित होगा।

 

प्रश्न-निकाय द्वारा संचालित प्राथमिक विद्यालयों की स्थिति बदहाल है, इनकी तस्वीर बदलने के लिए कोई एजेंडा हो तो बताइए?

 

 

इन विद्यालयों में बुनियादी ढांचे को दुरूस्त किया जायेगा। पढ़ाई के साथ-साथ समग्र विकास पर ध्यान देने का प्रयास होगा। अगर कहीं किसी प्रकार की विशेष समस्या है तो उनका हर हाल में समाधान किया जायेगा। इस बात की पूरी कोशिश की जायेगी नगर निगम द्वारा संचालित विद्यालय किसी भी सूरत में अन्य विद्यालयों से पीछे नहीं रहें।

image
COPYRIGHT @ 2016 DESHWANI. ALL RIGHT RESERVED.DESIGN & DEVELOPED BY: 4C PLUS