झारखंड
पांच लाख की इनामी नक्सली तारा बिरजिया गिरफ्तार
By Deshwani | Publish Date: 2/2/2017 5:06:11 PMलोहरदगा। देशवाणी न्यूज नेटवर्क।
लोहरदगा पुलिस ने पांच लाख की इनामी नक्सली माओवादी सब जोनल कमांडर तारा बिरजिया उर्फ बहामुनी कुमारी उर्फ सुनीता कुमारी उर्फ गुड़िया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। न्यू पुलिस लाइन में प्रेस कांफ्रेंस में डीआइजी एबी होमकर और पुलिस कप्तान कार्तिक एस ने बताया कि लोहरदगा के बगड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत केरार बिरजियाटोला निवासी तारा दस्ते से छुट्टी लेकर अपने गांव आई हुई थी। गुप्त सूचना पर एसपी के निर्देश पर एएसपी अभियान विवेक ओझा के नेतृत्व में छापामारी टीम बनाई गई, जिसे कामयाबी मिली। तारा तीन-चार साल से भाकपा माओवादी कमांडर नकुल यादव के महिला दस्ते की अगुवाई कर रही थी। इसने नकुल यादव दस्ते द्वारा अंजाम दी गई कई घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकारी है। इसमें मुख्य रूप से पेशरार के बुलबुल गांव में पुलिस के साथ मुठभेड़ की घटना भी शामिल है। एसपी कार्तिक एस ने बताया कि तारा की गिरफ्तारी माओवादियों के लिए बड़ा झटका है। मौके पर सीआरपीएफ कमांडेंट मनोज कुमार गुप्ता, डीएसपी हेडक्वार्टर आशीष महली, एसडीपीओ अरविंद कुमार वर्मा के अलावा सभी थानों के प्रभारी मौजूद थे।