झारखंड
प्रजापति के सम्मान में समारोह
By Deshwani | Publish Date: 10/6/2017 6:15:01 PMलोहरदगा, (हि.स.)। जिला प्रजापति कुम्हार महासंघ के तत्वावधान में नवगठित माटी कला बोर्ड झारखंड के अध्यक्ष श्रीचंद प्रजापति के सम्मान में समारोह का आयोजन प्रजापति भवन जुरिया रोड में किया गया। समारोह की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष शंभू प्रजापति ने की सम्मान समारोह में बोर्ड के अध्यक्ष श्रीचंद प्रजापति को हस्तनिर्मित स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। मौके पर बोर्ड के अध्यक्ष श्रीचंद्र प्रजापति ने कहा कि समाज के संचालन एवं दैनिक जीवन में कुम्हारों का महत्व रहा है। गृह निर्माण, भोजन व्यवस्था, शादी एवं मृत्यु संस्कार जैसे जीवन के प्रत्येक पहलू में कुम्हारों की आवश्यकता रही है। आज भी जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर समाज के कलाकार स्थापित हैं। समाज के विकास के लिए राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने माटी कला बोर्ड का गठन कर सरकार की संवेदनशीलता कुम्हारों के प्रति प्रकट की है। उन्होंने कहा कि मेरा लक्ष्य कुम्हारों की कला को विश्व स्तर तक पहुंचाना है। हमलोग प्रकृति के संरक्षक है और माटी से जुड़े हुए है। समाज के विकास के लिए वे पहले भी समर्पित थे और भविष्य में भी वे प्रजापति समाज के विकास के लिए काम करते रहेंगे। मौके पर अनुपम प्रकाश कुंवर, लाल नवल नाथ शाहदेव समेत कई लोग मौजूद थे।