झारखंड
माओवादियों ने की पीटकर ग्रामीण की हत्या
By Deshwani | Publish Date: 18/5/2017 3:13:19 PMलातेहार। छिपादोहर थाना क्षेत्र के अमवाटीकर गांव में बुधवार रात उग्रवादी संगठन भाकपा माओवादी के सदस्यों ने जमकर उत्पात मचाया। माओवादियों ने गांव के कैलाश तुरी की पीट-पीट कर हत्या कर दी। जबिक राजा तुरी को पीट कर घायल कर दिया। बताया जाता है कि 50 की संख्या में पहुंचे माओवादियों ने दोनों पर पुलिस मुखबिरी और माओवादी विरोधी कार्य करने का आरोप लगाया।
रात लगभग 9:00 बजे माओवादियों ने दोनों को घर से बाहर निकाला और ग्रामीणों के सामने ही दोनों की जमकर पिटाई की। पिटाई से कैलाश तुरी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। गंभीर रूप से घायल तुरी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। मामले की पुष्टि एसपी धनंजय सिंह ने की है। उन्होंने कहा कि माओवादी हताश होकर ग्रामीणों को परेशान कर रहे हैं। इधर इस हत्या के बाद गांव में सन्नाटा पसर गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है।