बिहार
लखीसराय में कर्ज में डूबे किसान ने दे दी जान
By Deshwani | Publish Date: 22/4/2017 6:13:06 PMलखीसराय। देशवाणी न्यूज नेटवर्क
लखीसराय के बड़हिया थाना क्षेत्र के डुमरी गांव में शनिवार को कर्ज से परेशान एक किसान ने आत्महत्या कर ली। मृतक किसान का नाम मुकेश सिंह है, जिसने फांसी लगा कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। बताया जाता है कि मुकेश सिंह खेती- मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। इस वर्ष अच्छी फसल नहीं होने से महाजन का कर्ज नहीं चुका पाने में वो असमर्थ था और काफी दिनों से परेशान भी था। घटना के बाद जहां पूरे गांव मे मातमी सन्नाटा पसरा है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे मे लेकर पोस्टर्माटम करवाया है। मृतक की पत्नी पूजा देवी के बयान पर यूडी केस दर्ज किया गया है। मृतक के परिवार में दो छोटे-छोटे बेटे और एक बेटी हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद राजनीतिक दलों के लोग मुकेश सिंह के घर पहुंचें और परिजनों को सांत्वना देने के साथ ही सरकारी मदद की मांग की।